प्लाट बेचने के नाम पर ईक्कस गांव के व्यक्ति से साढ़े नौ लाख रुपये की ठगी की गई। रुपये लेकर आरोपी प्लाट की रजिस्ट्री करवाने से मुकर गया और रुपये भी नहीं दिए। सदर थाना पुलिस ने ईक्कस गांव के ही रहने वाले महाबीर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ईक्कस गांव के देवेंद्र ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2016 में गांव के ही महाबीर ने जींद-हांसी रोड पर प्लाट काटे थे। वह एक प्लाट लेना चाहता था। महाबीर ने प्लाट की रजिस्ट्री करने के लिए उससे 9.50 लाख रुपये ले लिए, मगर न तो प्लाट उसके नाम किया और न ही रुपये लौटाए। जब उससे रुपये मांगे तो चेक दे दिया, जिसे बैंक में लगाने पर पता चला कि वह फर्जी है। जब उसने दोबारा उससे पैसे मांगे तो देने से मना कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। एसआई राममेहर सिंह ने बताया कि महाबीर के खिलाफ राशि हड़पने, फर्जी चेक देने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।