सीबीआई इंस्पेक्टर बनकर पुलिस पर दबाव बना रहे युवक को सफीदों थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक पुलिस पर दहेज प्रताड़ना के एक मामले में लड़कों का पक्ष लेते हुए दबाव बना रहा था। जांच में इस युवक की आईडी और पिस्तौल भी नकली मिली है।
गांव हाट निवासी भूप सिंह ने अपनी बेटी के ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सफीदों थाने में शिकायत दी थी। उसकी बेटी की शादी गोहाना निवासी पुष्पेंद्र के साथ हुई थी। भूप सिंह ने कहा कि अनिल दहिया नामक युवक ने उसके पास फोन करके अपने आपको सीबीआई इंस्पेक्टर बताया और कहा कि अपनी लड़की को गोहाना भेज दो। इसके बाद युवक ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि बाद में अपने आपको थाना प्रभारी बताने वाले किसी व्यक्ति ने फोन कर बेटी को भेजने की धमकी दी। सोमवार को दोनों पक्षों को पुलिस ने थाने में बुलाया था। जब पुलिस इस मामले को लेकर दोनों पक्षों से बात कर रही थी तो अनिल दहिया नामक युवक वहां पर आया और अपने आपको सीबीआई इंस्पेक्टर बताकर पुलिस पर दबाव बनाने लगा। एएसआई मलकीत को शक हुआ तो उन्होंने अनिल की पिस्तौल और आईडी कार्ड चेक किया तो दोनों नकली निकले। इस पर पुलिस ने अनिल दहिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी नीतीश अग्रवाल ने बताया कि अपने आपको सीबीआई इंस्पेक्टर बताने वाले अनिल दहिया ने सरकारी काम में बाधा डाली और दहशत फैलाया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।