हाट गांव में बिजली की शॉर्ट सर्किट से एक मकान में आग लगने से लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। मकान मालिक राजा सिंह मजदूरी का काम करता है, वह अपने काम पर गया था। दिन में बिजली आते ही शार्ट सर्किट के कारण उसके मकान में आग लग गई।
मकान से धुआं निकलता देखकर पड़ोसियों ने इसकी सूचना राजा सिंह की पत्नी राजो देवी को दी और ग्रामीणों द्वारा आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों द्वारा आग लगने की सूचना दमकल विभाग को भी दी गई। सूचना पाकर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। दमकल गाड़ी द्वारा जब तक आग पर काबू पाया, तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था।
राजा सिंह की पत्नी राजो देवी ने बताया कि उसके मकान में बिजली की शार्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। इसमें उसके मकान में रखा टीवी, वाशिंग मशीन, पंखा, चक्की की मोटर, खाट, बिस्तरे व संदूक में रखे कपड़ों के अलावा लगभग 25 हजार रुपये की नकदी व जेवरात जलकर खाक हो गए।
उन्होंने बताया कि इस आगजनी की घटना से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। राजा सिंह की चार लड़कियां हैं, जिनमें एक लड़की की शादी की है और तीन लड़कियों की शादी के सपने देखते हुए राजासिंह दिन-रात मेहनत कर यह सामान व धनराशि एकत्रित की थी।
इसके अलावा राजा सिंह का एक लड़का भी था, जो लगभग 20 वर्ष की उम्र रेल दुर्घटना का शिकार हो गया और उनका साथ छोड़ गया। पारिवारिक स्थिति कमजोर होने की वजह से ग्रामीणों ने राजासिंह के परिवार के लिए प्रशासन व सरकार से आर्थिक मदद की मांग की है।