गांव लोहचब के निकट शुक्रवार देर रात नील गाय को बचाने में एक कार अनियंत्रित होकर माइनर में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया गया। मृतक की पहचान गांव हथवाला निवासी अमरजीत (35) व गांव राजगढ़ ढाबी निवासी प्रदीप के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार गांव हथवाला निवासी अमरजीत शुक्रवार को अपने ससुराल राजगढ़ ढोबी आया था।
देर रात अमरजीत अपने रिश्तेदार प्रदीप, संदीप व राममेहर को गाड़ी में बैठाकर किसी कार्य के लिए फूलियां कलां गांव गए थे। जब वह वापस राजगढ़ ढोबी जा रहे थे तो गांव लोहचब के पास अचानक उनकी कार के आगे नील गाय आ गई और गाड़ी अनियंत्रित होकर माइनर में जा गिरी।
हादसे में गाड़ी में सवार चारों लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने अमरजीत और प्रदीप को मृत घोषित कर दिया।
जबकि संदीप व राममेहर का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
गांव हथवाला निवासी अमरजीत मृतक प्रदीप के रिश्ते में फूफा लगते हैं। शुक्रवार को ही अमरजीत अपने ससुराल में मिलने के लिए गए थे। वहां से गाड़ी में प्रदीप और उसके साथियों को लेकर गांव फूलिया कलां चला गया। जहां हादसे का शिकार हो गए। दोनों की मौत के बाद गांव में मातम का माहौल बन गया।
नील गाय की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
दिल्ली-पटियाला राजमार्ग पर शुक्रवार रात को गांव घासो के निकट बाइक के आगे नील गाय आने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार डूमरखा कलां निवासी 25 वर्षीय महीपाल शुक्रवार रात उचाना से अपने गांव आ रहा था। घासो गांव के निकट उसकी बाइक की टक्कर नील गाय से हो गई और बाइक सड़क से नीचे गड्ढ़ों में जा गिरी। इसमें महीपाल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।