फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jind News: उम्मीदें...माॅडल संस्कृति कॉलेज के रूप में विकसित होगा नेहरू कॉलेज

विज्ञापन
26jjrp13- बहादुरगढ़ रोड ​स्थित राजकीय नेहरू कॉलेज।संवाद
विज्ञापन
फोटो-13, 14
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। सरकार ने राज्य के 22 महाविद्यालयों को मॉडल संस्कृति कॉलेज के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है जिसमें जिले से नेहरू कॉलेज का चयन किया गया है। इस नई पहल के साथ नेहरू कॉलेज की ऐतिहासिक विरासत और शैक्षिक आधुनिकीकरण एक सूत्र में बंधकर ज्ञान, कौशल और संस्कृति की मजबूत नींव तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
उच्च शिक्षा को बहुविषयक, कौशल आधारित और भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने के लिए राज्य में मॉडल संस्कृति कॉलेज स्थापित किए जाएंगे जो विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराएंगे। सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक हर जिले में या उसके पास एक बड़ा बहुविषयक कॉलेज बनाया जाए।
विज्ञापन

यही नहीं इन कॉलेजों को आगे जिले का नोडल कॉलेज के रूप में तैयार किया जाएगा। जिले में कुल 17 कॉलेज हैं जिसमें 12 सरकारी, दो एडेड और तीन सेल्फ फाइनेंस कॉलेज चल रहे हैं। नेहरू कॉलेज की बिल्डिंग रिपेयरिंग को लेकर भी उच्चतर शिक्षा निदेशालय की तरफ से एक करोड़ 51 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है जिसे पीडब्ल्यूडी बीएंडआर को दिया गया है।
इस पर जल्द ही काम शुरू होगा। इसके अलावा उच्चतर शिक्षा निदेशालय की तरफ से ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी का शेड्यूल जारी कर रखा है। ऐसे में आने वाले समय में कॉलेजों में अधिकतर नया स्टाफ जॉइन करेगा। फिलहाल नेहरू कॉलेज में वर्तमान में 7 स्नातक और 8 स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं।
इसके अलावा दुजाना में भी कॉलेज की नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी साल यह काम शुरू हुआ है। नए साल में कॉलेज को नई बिल्डिंग मिलने की उम्मीद है। साथ ही दूबलधन कॉलेज को इस साल पीजी का दर्जा मिला है। जिले के पुराने कॉलेजों में शुमार दूबलधन के कॉलेज में पीजी शुरू करवाने के लिए ग्रामीणों ने काफी संघर्ष किया जिसके बाद यहां इस साल से पीजी में दाखिले हुए।

बिल्डिंग बनी लेकिन नहीं हुआ कॉलेज शिफ्ट
कुलाना में पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की तरफ से नई बिल्डिंग का निर्माण किया गया है लेकिन अब तक बिल्डिंग में कक्षाएं लगना शुरू नहीं हुई हैं। कुलाना में 8 साल से चल रहा राजकीय कॉलेज का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है। नवनिर्मित भवन में एक मल्टीपरपज हाॅल, प्रिंसिपल ऑफिस, 21 क्लास रूम, नौ फैकल्टी रूम, तीन लेक्चर हाॅल, दो कंप्यूटर लैब, एक गर्ल्स कामन रूम, लाइब्रेरी, कैंटीन, स्टाफ रूम, जिम्नेजियम, स्कालरशिप रूम, वीमेन सेल, यूनिवर्सिटी रूम, वेटिंग रूम बनाए गए हैं।

विधानसभा में उठा मातनहेल काॅलेज की जर्जर बिल्डिंग का मुद्दा

इस बार विधानसभा सत्र के दौरान नेहरू कॉलेज के हॉस्टल की खस्ता हालत, मातनहेल कॉलेज की नई बिल्डिंग का मुद्दा प्रमुखता से उठा। मातनहेल में 2014 में काॅलेज बनना शुरू हुआ था। इस दौरान कक्षाएं स्कूल में लगाई गई थीं। उसके बाद 2017 में भवन बना है जो 30 एकड़ में है लेकिन अब आठ साल में ही इसकी बिल्डिंग जर्जर होने लगी।

नहीं बढ़ सकी स्कूलों में छात्र संख्या
इस साल सरकारी स्कूलों में पिछले साल के मुकाबले कुछ ज्यादा छात्र संख्या नहीं बढ़ सकी। इस बार मार्च के अंत में ही शिक्षकों ने छात्र संख्या बढ़ाने के प्रयास किए थे लेकिन फिर भी सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या ज्यादा नहीं बढ़ सकी। 2024 में सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या 55,910 थी जबकि इस साल नवंबर तक छात्र संख्या 56,359 तक ही पहुंच पाई। यानी मात्र 449 बच्चे ही बढ़ सके।

बिल्डिंग कंडम घोषित, अब तक नहीं तोड़ी गई
जिले में इस बार 15 से अधिक सरकारी स्कूलों की बिल्डिंग की खराब हालत थी जिसके बाद पीडब्ल्यूडी ने उनको कंडम घोषित कर दिया है लेकिन अब तक उनको तोड़ा नहीं गया है। संबंधित स्कूलों के बच्चों को दूसरे स्कूलों में शिफ्ट किया गया है। शहर के एक प्राइमरी स्कूल में सायंकालीन सत्र में दूसरे स्कूल की कक्षाएं लग रही हैं जबकि पीएम श्री कन्या स्कूल में दो अन्य प्राइमरी स्कूल के बच्चों की कक्षाएं लगती हैं। एक प्राइमरी स्कूल की बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है जबकि छावनी स्कूल की बिल्डिंग को कंडम घोषित किया हुआ है।
उपलब्धि...निजी स्कूल की तीन छात्राओं ने किया टॉप
इस साल जारी हुए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के दसवीं के परीक्षा परिणाम में जिले के एक निजी स्कूल की तीन छात्राओं ने टॉप किया था। इसमें रोमा और तानिया ने 497 अंक लेकर प्रदेश में पहला और 495 अंक लेकर ईशु ने तीसरा स्थान हासिल किया था।
विज्ञापन


वर्जन
नए शिक्षा सत्र में सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने पर फोकस रहेगा। साथ ही फरवरी-मार्च में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं में इस बार और ज्यादा बेहतर परीक्षा परिणाम व प्रदेश में टॉप में जगह बनाने का प्रयास किया जाएगा। एनईपी के तहत सभी शिक्षकों की ट्रेनिंग करवाई जा रही है। जहां तक पुरानी बिल्डिंग का सवाल है, उनको कंडम घोषित करवा दिया गया है। नए साल में उनके लिए बजट मिलने की उम्मीद है। -रतिंदर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी

26jjrp13- बहादुरगढ़ रोड स्थित राजकीय नेहरू कॉलेज।संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें