पिकअप चालक को मानवता दिखाना भारी पड़ गया। मुर्गों से भरी पिकअप लेकर दिल्ली जा रहा चालक सड़क पर गिरे दो लोगों की मदद के लिए जैसे ही गाड़ी से उतरा उस पर चार-पांच युवकों ने पिस्तौल तान कर उसका मोबाइल और पांच हजार रुपये लूट लिए। वारदात शनिवार रात में 11 बजे केे करीब रोहतक रोड पर अशरफगढ़ दौड़ी गांव के नजदीक हुई।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के सिहाली जागीरा निवासी मोहम्मद हुसैन ने बताया कि वह पिकअप गाड़ी में मुर्गों को भरकर दिल्ली जा रहा था। जब वह शनिवार रात 11 बजे रोहतक रोड पर अशरफगढ़ गांव के नजदीक पहुंचा तो देखा कि सड़क पर दो मोटरसाइकिलें दुर्घटनाग्रस्त हालात में पड़ी हुई हैं। मोटरसाइकिलों के पास ही दो लोग पड़े हैं। वह गाड़ी रोककर घायलों की मदद करने के लिए उतरा तो आसपास छुपे चार-पांच व्यक्ति वहां पर आए और उस पर पिस्तौल तानकर जेब में रखे पांच हजार रुपये, मोबाइल छीन लिया। सड़क पर गिरे आरोपी व अन्य लूट करने के बाद वहां से गुजर रहे कच्चे रास्ते से गांव की ओर फरार हो गए। सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मोहम्मद हुसैन की शिकायत पर सात अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।