जींद। गंगापुत्र आयुर्वेदिक कॉलेज में प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे बीएमएस के छात्र की संदिग्ध मौत का मामला दो सप्ताह बाद भी अनसुलझा है। पुलिस एफएसएल (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) रिपोर्ट के इंतजार में बैठी हुई है। रिपोर्ट आने के बाद भी पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। घटना के दो सप्ताह बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर शुक्रवार को मृतक के परिजन सदर थाना जींद पहुंचे, जहां पर उन्होंने मामले की जल्द कार्रवाई की मांग की।
शुक्रवार को मृतक के परिजन सदर थाना पहुंचे। इस दौरान परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाए कि मामले में ढील बरती जा रही है। घटना को दो सप्ताह हो चुके हैं, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। वह मामले को लेकर कई बार सदर थाना प्रभारी जींद से मिल चुके हैं। हर बार उन्हें जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन मिला है। उनका कहना था कि पुलिस को युवक का मोबाइल फोन, चप्पल, चार्जर समेत अन्य सुराग मिल चुके हैं। इसके बावजूद भी पुलिस की कार्रवाई अब तक आगे नहीं बढ़ पाई है, जबकि इतने अहम सुराग मिलने के बाद भी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
29 मई सुबह मिला था युवक का शव
सोनीपत जिले के बरौदा निवासी 25 वर्षीय हर्षित जींद के कंडेला के पास गंगापुत्र आयुर्वेदिक कॉलेज में बीएएमएस की पढ़ाई कर रहा था। वह प्रथम वर्ष का छात्र था। 29 मई सुबह उसका शव कॉलेज के पास ही ढाबे के पीछे मिला था। हालांकि उसके शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं थे। परिजनों ने आरोप लगाया था कि हर्षित कॉलेज के हॉस्टल से कैसे बाहर आया जबकि यह जिम्मेदारी कॉलेज के मालिक, वार्डन और सिक्योरिटी गार्ड की जिम्मेदारी होती है। उनका आरोप था कि हर्षित की कॉलेज के स्टाफ और अन्य लोगों ने हत्या कर खेत में फेंका है। इस पर पुलिस ने कॉलेज स्टाफ और अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
इस मामले में अभी एफएसएल रिपोर्ट नहीं आई है। हालांकि पुलिस कॉलेज के आसपास ढाबे और अन्य जगह लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
-श्रीकृष्ण, कार्यवाहक प्रभारी, सदर पुलिस थाना, जींद