जींद। नागरिक अस्पताल में आने वाले मरीजों को जल्द से जल्द प्राइवेट रूम उपलब्ध हों इसके लिए प्रयास तेज हो गए हैं। अस्पताल प्रशासन ने पुराने भवन के तीसरे तल पर पांच कमरों को तैयार करवाया है, लेकिन इनमें जरूरत के सामान को मंगवाने के लिए अब एस्टीमेट तैयार करवाया जा रहा है।
इसके अलावा सीएमओ के निर्देशों पर लगातार अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार यह कमरे निजी अस्पतालों के कमरों से ज्यादा बेहतर बनाने हैं। इसके लिए जो जरूरी समान यहां पर लगेगा, उसकी सूची तैयार की गई है।
विज्ञापन
इसका अनुमानित एस्टीमेट नौ लाख रुपये के करीब का बना है। इस बजट को सीएमओ कार्यालय को भेजा है और इस बजट को जल्द से जल्द मुहैया करवाने के लिए कहा है। इन कमरों में अटैच बाथरूम हैं और बेड लगवाए गए हैं। साथ ही इन कमरों को लेने के लिए प्रतिदिन के हिसाब से 500 रुपये भी लिए जाएंगे।
इसकी रसीद कटेगी। इन पांच कमरों में से एक कमरा डिलीवरी (जच्चा-बच्चा) के लिए रिजर्व रहेगा, ताकि कोई भी इमरजेंसी आती है तो प्राइवेट कमरे की सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके। यहां नए बैड, पर्दे व वॉशरूम को सही करवा दिया गया है।