26जेएनडी09: शहर के मुख्य बाजार में दुकानदारों ने बाहर सामान रखकर किया अतिक्रमण। संवाद
जींद। अतिक्रमण से शहर की सड़कें संकरी हो गई हैं, लेकिन इसकी तरफ नगर परिषद का ध्यान नहीं है। मुख्य बाजार में तो अतिक्रमण करने वालों ने अपने सामान को बेचने के लिए दो से तीन फुट तक अतिक्रमण कर लिया है। शहर थाना के सामने, टाउन हॉल की तरफ, तांगा चौक की तरफ व बाजार के अंदर हर जगह अतिक्रमण फैला है।
शहर के व्यापारियों की इस मनमानी के कारण वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में शहर के लोगों की मांग है कि अतिक्रमण के खिलाफ स्पेशल अभियान चलाकर बाजार को खुला कराया जाए। अतिक्रमण से सड़क की चौड़ाई सिकुड़ती जा रही है। इसका खामियाजा सड़क से गुजरने वाले दोपहिया और चार पहिया वाहन चालक को भुगतना पड़ रहा हैं और प्रतिदिन जाम के हालात पैदा हो रहे हैं।
सुबह के समय बाजार खुलने से पहले सड़क खुली-खुली दिखाई देती है, लेकिन जैसे-जैसे बाजार खुलता है अतिक्रमण शुरू हो जाता है। इस कारण खुली दिखने वाली सड़क सिकुड़ी हुई दिखाई देती हैं। इसलिए नगर परिषद को चाहिए कि वह आए दिन लगने वाले जाम से निपटने के लिए सड़क तक अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई करे।