20जेएनडी16- धरने पर रोष प्रकट करते हुए फायर कर्मचारी। स्रोत कर्मचारी
नरवाना। फायर कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार को 13वें दिन भी जारी रही। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया। धरने की अध्यक्षता एफएम जयभगवान ने की, जबकि मंच संचालन प्रधान राजा सिंह गुरथली ने किया।
उन्होंने बताया कि फरीदाबाद की कालका स्टील कंपनी में हुए भीषण अग्निकांड में दो फायर कर्मियों भवीचंद शर्मा और रणवीर सिंह की जान चली गई थी। उन्होंने कहा कि सरकार को शहीद कर्मचारियों के परिवारों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को स्थाई नौकरी और शहीद का दर्जा देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की 22 सूत्रीय मांगों में कच्चे कर्मचारियों को 58 वर्ष तक नौकरी की गारंटी, पे-रोल व कौशल कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी, पांच हजार रुपये मासिक जोखिम भत्ता, 7500 रुपये वर्दी भत्ता और 500 रुपये धुलाई भत्ता शामिल हैं।
इसके अलावा नियमित कर्मचारियों को बिना शर्त एसीपी और प्रमोशन, कच्चे कर्मचारियों को एलटीसी और त्योहारी ड्यूटी के बदले अतिरिक्त वेतन देने की मांग भी रखी गई है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इस अवसर पर राममेहर, कमलजीत, विनोद, प्रवीन कुमार और रामनिवास मौजूद रहे।