जींद। जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल में शनिवार को सीएमओ डा. मंजू कादियान व पीएमओ डॉ. लोकवीर सिंह के दिशा-निर्देशन में आउटसोर्स कर्मियों को नैतिकता का पाठ पढ़ाया गया। आउटसोर्स के नोडल अधिकारी डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने कहा कि अस्पताल में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों को हरियाणा कौशल विकास निगम द्वारा उपलब्ध करवाई जाने वाली सुविधाएं उपलब्ध होंगी। निगम के हर दिशा-निर्देशों की पालना की जाएगी। आउटसोर्स कर्मी अस्पताल में आने वाले हर मरीज व उसके तामिरदार से शिष्टाचार से पेश आएं। कभी किसी कर्मी से कोई जानकारी मांगी जाती है तो उसे वह जानकारी दी जाए न कि उसे गुस्सा दिखाया जाए।
डिप्टी एमएस डॉ.राजेश भोला ने कहा कि यह नागरिक अस्पताल हमारा कर्मक्षेत्र है। ऐसे में इसकी सफाई व्यवस्था का ख्याल रखना हमारी सबसे अहम जिम्मेवारी है। अस्पताल में जो भी आता है उससे सम्मानपूर्व व्यवहार किया जाए। कभी भी किसी को कोई गुस्सा व अपशब्द न कहे जाएं। अस्पताल में किसी तरह की रिश्वतखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नागरिक अस्पताल जनता का अस्पताल है और यहां आने वाले हर नागरिक को विभाग द्वारा देय हर सुविधा उपलब्ध करवाना हमारा नैतिक फर्ज है। इसलिए कर्मियों को चाहिए कि वह अस्पताल में आने वाले हर मरीज व उसके तीमारदार से शालीनतापूर्वक व्यवहार करे। उन्होंने कर्मियों को सलाह दी कि वह बॉयोमेडिकल वेस्ट को अलग-अलग डिस्पोज करें। सुपरवाइजर हरदीप रेग्यूलर राउंड करें और कहीं भी कोई खामी या शिकायत मिलती है तो इसकी जानकारी उन्हें उपलब्ध करवाएं। हर शिकायत पर सख्ती से संज्ञान लिया जाएगा।