19जेएनडी26-लघु सचिवालय परिसर में स्थित कार्यालय का निरीक्षण करते हुए एसडीएम जगदीश चंद्र। संवाद
नरवाना। एसडीएम जगदीश चंद्र ने वीरवार को लघु सचिवालय में सभी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रुप डी कर्मचारी मोबाइल फोन देखने में व्यस्त पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एसडीएम ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को ड्यूटी के प्रति संजीदगी बरतने की सख्त हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि आमजन जब सरकारी कार्यालयों में अपनी समस्याओं को लेकर आते हैं तो उन्हें समाधान की उम्मीद होती है, लेकिन कई बार अधिकारियों और कर्मचारियों का टालमटोल भरा व्यवहार उनकी परेशानियों को और बढ़ा देता है।
एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि यह रवैया ड्यूटी के प्रति लापरवाही को दर्शाता है और ऐसी स्थिति में फरियादी उन्हें स्वयं निवेदन करने आते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी व कर्मचारी शिकायतकर्ताओं से शालीनता से पेश आएं, समस्याओं को प्राथमिकता पर लें और समाधान कर उन्हें संतुष्ट करें। लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
एसडीएम जगदीश चंद्र ने कार्यालयों की सफाई व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिक झाड़ू लगाने से काम नहीं चलेगा बल्कि कार्यालयों, कॉरिडोर और शौचालयों की नियमित व सही तरीके से सफाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी को सरकारी कार्य से बाहर जाना है तो वे भ्रमण रजिस्टर में इसका स्पष्ट इंद्राज करें और हाजिरी रजिस्टर भी नियमित रूप से अपडेट रखें। इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम के सहायक हरीश कुमार और जूनियर प्रोजेक्टर वरुण कुमार भी मौजूद रहे।