जींद। 20 से 25 अप्रैल तक के लिए साप्ताहिक कॉम्पिटेंसी रिव्यू प्लान जारी किया गया है। कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए विषयवार गतिविधियां निर्धारित की गई हैं। यह योजना निपुण मिशन के अंतर्गत बच्चों के बुनियादी भाषा और गणित कौशल को मजबूत करने के उद्देश्य से लागू की जा रही हैं।
इस सप्ताह के प्लान में विशेष रूप से दिवस आठ से 13 तक की गतिविधियों को शामिल किया गया है जिनमें 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस और 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस से संबंधित शिक्षण गतिविधियां भी जोड़ी गई हैं। बच्चों को जागरूकता आधारित सीखने का अवसर मिलेगा।
कक्षा एक में बच्चों को आसपास की वस्तुओं की पहचान, जैसे पास और दूर, आगे-पीछे तथा मोटी-पतली वस्तुओं को पहचानने की गतिविधियां करवाई जाएंगी। वहीं अंग्रेजी विषय में सामान्य अभिवादन और एक्शन वर्ड्स सिखाने पर जोर दिया जाएगा।
कक्षा दो के विद्यार्थियों के लिए हिंदी में वर्ण और मात्राओं की पहचान तथा शब्द निर्माण पर काम किया जाएगा। गणित में एक से 20 तक की संख्या की समझ, तुलना और क्रमबद्ध लेखन सिखाया जाएगा।
अंग्रेजी में फॉनिक्स और सामान्य शब्दों के उच्चारण पर ध्यान दिया जाएगा। कक्षा तीन में गणित के अंतर्गत 100 तक की संख्याओं की तुलना, जोड़ और क्रम सिखाया जाएगा, जबकि अंग्रेजी में विलोम शब्द, वाक्य निर्माण और स्वर ध्वनियों का अभ्यास कराया जाएगा। कक्षा चार और पांच के लिए गणित में त्रिआयामी आकृतियों, संख्या रेखा और जोड़ की अवधारणा पर कार्य कराया जाएगा।
अंग्रेजी में दैनिक दिनचर्या, व्यक्तिगत अनुभव साझा करना और आर्टिकल ए और एन का सही प्रयोग सिखाया जाएगा। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के लिए निर्देश भी जारी किए हैं, जिनमें टीचर इंस्ट्रक्शन शीट, डे-वाइज प्लान और गतिविधि शीट शामिल हैं।
प्रत्येक विषय के लिए वीडियो लिंक भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि शिक्षण प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को गतिविधि आधारित और रोचक तरीके से सीखने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी बुनियादी समझ और दक्षता में सुधार होने की उम्मीद है।
वर्जन
साप्ताहिक प्लान का मुख्य उद्देश्य शिक्षा को बोझ मुक्त बनाना है। गतिविधि आधारित शिक्षण से बच्चे स्कूल के प्रति आकर्षित और मोटिवेट होते हैं। जब विद्यार्थी खेल-खेल में भाषा और गणित की दक्षता हासिल करेंगे तो उनकी स्कूल आने की रुचि स्वाभाविक रूप से बढ़ेगी। हमारा लक्ष्य हर बच्चे को निपुण बनाना और उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है
-राजेश वशिष्ठ जिला समन्वयक एफएलएन, जींद।