26जेएनडी08-निंबित किए गए कर्मचारियों की बहाली की मांग करते हुए बिजली कर्मचारी। स्रोत यूनियन
जींद। सफीदों डिवीजन में निलंबित किए गए 4 कर्मचारियों को बहाल करवाने की मांग को लेकर बिजली कर्मचारियों ने एसई कार्यालय के बाहर एक घंटा तक नारेबाजी की। इस दौरान आसपास के विभागों में भी काम काज प्रभावित हुआ। कर्मचारियों की मांग है कि राजनीतिक दबाव में बिजली कर्मचारी निलंबित किए गए हैं, लेकिन निगम के अधिकारी नेताओं की कठपुतली बने हुए हैं।
23 मई को कर्मचारियों ने तालमेल कमेटी के आह्वान पर एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों की बहाली की मांग की थी। कर्मचारी राजबीर ढिल्लों, हरिओम और जितेंद्र शर्मा ने कहा कि इतने दिन बीतने के बाद भी सरकार और निगम की ओर से कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। इससे आहत होकर कर्मचारियों ने धरने को सर्कल स्तर पर स्थानांतरण कर दिया है। धरने की अध्यक्षता सर्कल सचिव राजेश आसन और मंच संचालन कृष्ण सैनी ने किया।
उन्होंने कहा कि यदि दो दिन के अंदर निलंबन आदेश रद्द नहीं हुए तो कर्मचारी 2 जून से पूरे जींद सर्कल में कामकाज बंद करने पर विवश होंगे। इस दौरान आमजन को होने वाली असुविधा के लिए बिजली निगम के उच्च अधिकारी और जिला प्रशासन होगा।
इस मौके पर कृष्ण सैनी, कर्मवीर, धर्मबीर सिंह, राजेश शर्मा, राजा शामदों, कपूर, संदीप आर्य, सुभाष, दलेर, अनिल, विकास, सुरेंद्र जागलान, रामफल, वरुण वशिष्ठ, रवि नैन और रामनिवास लाठर भी मौजूद रहे।