जींद। जिले में बिजली लाइन लॉस लगातार बढ़ रहा है। यह आंकड़ा 22 प्रतिशत के करीब पहुंच गया है। इसको लेकर निगम भी गंभीर हो गया है। निगम ने अब तक बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं से करीब 5.24 करोड़ रुपये जुर्माना वसूल लिया है।
बिजली निगम ने पिछले साल की अपेक्षा इस बार 20 प्रतिशत से ज्यादा चोरी के मामले पकड़े हैं। वहीं जुर्माना भी 50 प्रतिशत से ज्यादा वसूला है। पिछले छह माह में वसूला गए जुर्माने से करीब ढाई करोड़ रुपये ज्यादा है। पिछले साल दस माह में चोरी का जुर्माना दो करोड़ 40 लाख रुपये था।
बिजली चोरी के अधिकतर मामलों में खंभों से डायरेक्ट तार लगाकर व बाहर से आ रही मीटर के तार में कट लगाकर चोरी पकड़ी गई है। इसको लेकर निगम ने 20 टीमों का गठन किया है। इन टीमों को अधिकतर तौर पर मेन लाइन से मीटर में आ रहे तार पर कट लगा चोरी पकड़ी गई।
पिछले साल 4987 कनेक्शनों की जांच के बाद 2367 में चोरी के मामले सामने आए थे। क्षेत्र में बिजली बिल समय पर नहीं भरने वालों पर भी नकेल कस दी है। है। जैसे ही बिजली का बिल दस हजार रुपये से अधिक होता है तो उसका कनेक्शन काटने की तैयारी शुरू कर दी जाती है। बिल भरने पर कार्रवाई रोक दी जाती है। कनेक्शन काटने से पहले निगम के कर्मचारी उपभोक्ता को दो बार बिल भरने के लिए नोटिस देते हैं।
वर्जन
निगम ने 5230 कनेक्शनों की जांच करते हुए 2621 मामलों में बिजली चोरी पकड़ी है। टीमों ने चोरी करते पकड़े गए उपभोक्ताओं से 5.24 करोड़ रुपये जुर्माना भी वसूला है।
-एमएल सुखीजा, अधीक्षण अभियंता, जींद