संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। हरियाणा स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधवार को बिजली निगम के कर्मचारी सतीश को 2 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
जींद के गांव मेहरड़ा निवासी सतीश ने नेपेवाला गांव निवासी पवन से पोल्ट्री फार्म का बिजली कनेक्शन करवाने के नाम पर 3.60 लाख रुपये मांगे थे। आरोपी पहले ही पवन से 1 लाख 18 हजार रुपये ले चुका था। इसके बाद शेष राशि के लिए लगातार दबाव बना रहा था।
विजिलेंस इंस्पेक्टर मोहिंदर सिंह ने बताया कि पवन ने गांव उझाना स्थित पोल्ट्री फार्म के लिए 60.50 किलोवाट बिजली कनेक्शन का 11 नवंबर को ऑनलाइन आवेदन कर 9,922 रुपये सिक्योरिटी फीस जमा करवाई थी। आरोप है कि 13 नवंबर को गढ़ी सब स्टेशन में तैनात फोरमैन सतीश कुमार ने खुद को जेई बताकर कनेक्शन के नाम पर 3.60 लाख रुपये मांगे। पवन ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो आरोपी ने उससे तत्काल 18 हजार रुपये ले लिए।
शिकायतकर्ता पहले भी आरोपी को एक लाख रुपये दे चुका था। अब आरोपी दो लाख रुपये की मांग कर रहा था। लगातार पैसों की मांग और दबाव से परेशान होकर पवन ने विजिलेंस विभाग से संपर्क किया और मामले की शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। बुधवार को आरोपी ने रिश्वत की शेष राशि में से दो लाख रुपये लेने के लिए शिकायतकर्ता को गढ़ी स्थित बिजली निगम के एसडीओ कार्यालय में बुलाया था।
शिकायतकर्ता ने जैसे ही आरोपी सतीश को 500-500 रुपये के 400 नोटों के रूप में दो लाख रुपये दिए। पहले से तैयार विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि पर लगाए गए रासायनिक पदार्थ की जांच की गई। इसमें आरोपी के हाथों पर लाल रंग आने की पुष्टि हुई। कार्रवाई पंचायत राज विभाग के एक्सईएन पोसन कन्याल की मौजूदगी में हुई, जो ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात थे। विजिलेंस टीम आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
आरपी के खिलाफ केस दर्ज
आरोपी सतीश कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत थाना एसवी एवं एसीबी, करनाल रेंज में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगामी जांच की जा रही है।
ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर बिछाया जाल
शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग के साथ एसवी एवं एसीबी उपकेंद्र जींद में शिकायत दी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए निरीक्षक मोहिंदर सिंह, इंचार्ज एसवी एवं एसीबी यूनिट जींद के नेतृत्व में टीम गठित की गई।