संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। पिछले दिनों से बढ़ी उमस भरी गर्मी से बिजली की खपत भी बढ़ गई है। स्थिति यह है कि जिले में बिजली की खपत एक करोड़ यूनिट से ऊपर पहुंच गई है। लोड अधिक होने के कारण बार-बार कट लग रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। शहर की कई काॅलोनियों में दो से तीन घंटे तक कट लग रहे हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आने-जाने का कोई समय निर्धारित नहीं है। रात के समय कई-कई घंटे बिजली गुल रहती है।
ओवरलोड होने से ट्रांसफार्मर के फ्यूज, जंपर और कंडक्टर उड़ रहे हैं। ट्रांसफार्मर जलने की भी शिकायतें आ रही हैं। इसको लेकर निगम कार्यालय के पास हर रोज 300 से ज्यादा बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतें दर्ज हो रही हैं। पिछले चार दिनों से तेज धूप और उमस भरी गर्मी से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया था। अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री के आसपास रह रहा था। उमस होने से लोग बेहाल थे। बुधवार को आसमान में रह-रह कर बादल उमड़ते रहे जिसके चलते ठंडी हवा बही और आमजन को उमस से राहत मिली। तापमान में भी दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा था। वहीं मौसम में आर्द्रता 72 प्रतिशत बनी रही तथा हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
बॉक्स
गत सप्ताह बिजली खपत की स्थिति
तिथि
जींद सर्कल में बिजली खपत
15 अगस्त
107.01 लाख यूनिट
16 अगस्त
106.87 लाख यूनिट
17 अगस्त
106.38 लाख यूनिट
18 अगस्त
113.43 लाख यूनिट
19 अगस्त
96.62 लाख यूनिट
20 अगस्त
96.21 लाख यूनिट
21 अगस्त
101.86 लाख यूनिट
22 अगस्त
100.14 लाख यूनिट
बॉक्स
बारिश हुई तो होगी वरदान साबित
किसान रोहताश, उमर सिंह ने बताया कि इस समय यदि बारिश होती है तो वह वरदान साबित होगी। फिलहाल धान, ज्वार, बाजरा और नरमा फसल को बारिश की जरूरत है। बारिश न होने के कारण डीजल जलाकर सिंचाई करनी पड़ रही है। यदि जल्द बारिश नहीं हुई तो फसल का लागत मूल्य बढ़ना लाजमी है। गांव पांडू पिंडारा के मौसम विशेषज्ञ राजेश ने बताया कि मौसम परिवर्तनशील संभावित है। किसान फसलों का लगातार निरीक्षण करते रहें और फसलों की सिंचाई अवश्य करें।
वर्जन
उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या नहीं आने दी गई है। उपभोक्ता आवश्यकतानुसार ही बिजली का उपयोग करें। गर्मी के कारण बिजली की खपत बढ़ गई है। निगम का प्रयास है कि उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली मिले।-प्रमोद कुमार, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम जींद