जींद। सदर थाना क्षेत्र के गांव जुलानी निवासी 65 वर्षीय सुरेंद्र ने जमीन विवाद में परिवार से तंग आकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
मृतक सुरेंद्र के बेटे करमजीत ने एफआईआर में बताया कि उनके पिता सुरेंद्र खेती-बाड़ी करते थे। एक अप्रैल को जमीन को लेकर पिता और उनके चाचा जसमेर में झगड़ा हो गया था। इसके बाद जसमेर ने पिता के खिलाफ थाना सदर में एफआईआर दर्ज करवा दी।
तीन अप्रैल को उनके पिता को थाने में बुलाया गया था। सुबह उठकर पिता खेत में चले गए। इसके बाद पड़ोसी परमजीत ने सूचना दी कि उनके पिता बेहोशी की हालात में खेत में पड़े हैं। वे तुरंत खेत में पहुंचे और पिता नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी सुमन देवी ने बताया कि इस मामले में जसबीर, महेंद्र, जसमेर, धनपति के खिलाफ आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।