फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jind News: दिल्ली-बठिंडा के बीच चलने वाली आठ ट्रेन रद्द

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


जींद। दातासिंहवाला बॉर्डर पर आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के समर्थन में सोमवार को किसानों ने पंजाब बंद किया। इसका असर ट्रेन, बस और अन्य खाद्य सामग्री ले जाने वाले वाहनों पर पड़ा। बंद के कारण सबसे ज्यादा ट्रेनें प्रभावित हुईं।
दिल्ली-बठिंडा रेलमार्ग पर सुपरफास्ट समेत आठ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। इसके कारण यात्रियों को ट्रेन नहीं मिली। सबसे ज्यादा परेशानी उन यात्रियों को हुई, जिन्होंने सुपरफास्ट ट्रेनों में सीट को आरक्षित करवाया हुआ था। वे सफर करने को लेकर जंक्शन पर तो पहुंच गए थे लेकिन जब पता चला कि पंजाब बंद के कारण ट्रेनें रद्द की गई है तो वे बैरंग लौट गए। इसके अलावा जींद से पंजाब के शहरों में जाने वाली रोडवेज बसें भी नहीं भेजी गई। इन बसों को हरियाणा की सीमा से ही वापस लाया गया।
विज्ञापन


सोमवार को पंजाब में किसानों ने बंद करने का ऐलान किया हुआ था। इसको लेकर सुबह सात से शाम पांच बजे बस, ट्रेन और अन्य वाहनों को चलने नहीं दिया। इसके कारण 20410 दिल्ली कैंट सुपरफास्ट, 14028 जींद एक्सप्रेस, 22486 न्यू दिल्ली मोगा, 14027 जींद-फिरोजपुर कैंट, 22485 मोगा इंटरसिटी, 20409 जयपुर-बठिंडा सुपरफास्ट, 15909 अवध-असम एक्सप्रेस और 12482 श्रीगंगानगर इंटरसिटी को रद्द कर दिया गया। वहीं 04084 हिसार-जींद पैसेंजर को मेसरखाना स्टेशन पर रोका गया। 15733 फरक्का एक्सप्रेस को जींद जंक्शन पर रोक दिया गया।
शाम साढ़े पांच बजे इस ट्रेन को 15734 के नंबर से वापस बालुरघाट की ओर रवाना किया गया। 14623 को बठिंडा जंक्शन और 12481 श्रीगंगानगर इंटरसिटी को रोहतक रोका गया। इन ट्रेनों में सवार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री ट्रेन चलने का इंतजार करते रहे, लेकिन कई घंटे बाद भी ट्रेन नहीं चली तो यात्री प्राइवेट वाहनों का सहारा लेकर अपने गंतव्य की तरफ रवाना हुए। इसके अलावा 19412 साबरमती एक्सप्रेस को भी कुरुक्षेत्र से चलाया गया।

बॉक्स

ट्रेन चलाने की गुहार लगाते रहे पंजाब जाने वाले यात्री

पंजाब बंद को लेकर फरक्का एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को जींद जंक्शन पर रोक दिया गया था। इसको लेकर यात्री ट्रेन चलने का इंतजार करते रहे, लेकिन कई घंटे बाद भी ट्रेन रवाना नहीं हुई तो यात्री ट्रेनों से उतकर स्टेशन मास्टर जेएस कुंडू और ट्रेफिक इंचार्ज अनिल यादव के पास पहुंचे, जहां उन्होंने ट्रेन को हरियाणा के आखिरी जंक्शन जाखल तक चलवाने की गुहार लगाई लेकिन अधिकारियों ने उनकी बात नहीं सुनी। यात्री परमजीत, सुखविंद्र, गुरजिंद्र, सतपाल का कहना था कि वे फरक्का एक्सप्रेस में आए हैं और उन्हें पंजाब में जाना है लेकिन ट्रेन को पंजाब से 100 किमी. पहले ही रोक दिया गया। अब वे अपने बच्चों को लेकर कहां जाएंगे। इसलिए ट्रेन को जाखल जंक्शन तक चलाया जाएगा।

बॉक्स

बसें भी पंजाब से सटे शहरों से लौटी

जींद से चंडीगढ़ की ओर जाने वाली बसों को डायवर्ट रूट से वाया नारायणगढ़ व पंचकूला होते हुए चंडीगढ़ भेजा गया। वहीं, आमतौर पर जींद से चंडीगढ़ की ओर जाने वाली बस वाया कैथल, पिहौवा, जीरकपुर के रास्ते चंडीगढ़ जाती हैं। वहीं, अमृतसर, पटियाला व जालंधर जाने वाली बस नरवाना से आगे नहीं जा सकी। इसके अलावा पंजाब से आने वाली मटर व गाजर की सब्जी की सप्लाई भी बाधित रही। इसके कारण मटर व गाजर के भाव में 20 रुपये की बढ़ोतरी हो गई और गाजर भी 30 रुपये के बजाय 40 रुपये प्रति किलोग्राम बिकी।
विज्ञापन


वर्जन

पंजाब बंद को लेकर सोमवार को जींद से गुजरने वाली कई ट्रेनें रद्द कर दी गई है। वहीं, कई को दूसरे जंक्शनों से चलाया गया। ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को जरूर परेशानी हुई है।

-जेएस कुंडू, अधीक्षक, रेलवे जंक्शन जींद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें