खेड़ी मखानियां निवासी राजबीर व संदीप को आर्मी तथा रवि को फूड सप्लाई इंस्पेक्टर लगवाने के नाम पर आठ लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में शहर थाना पुलिस ने संगतपुरा गांव निवासी रामनिवास के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में खेड़ी मसानियां गांव निवासी कपूर सिंह ने बताया कि उसके बुआ के लड़के फतेहाबाद के नांगली गांव निवासी रवि तथा उसके बेटे संदीप व भतीजे राजबीर की नौकरी लगवाने के नाम पर संगतपुरा गांव निवासी रामनिवास ने उनसे आठ लाख रुपये ले लिया। उसने कहा था कि रवि को फूड सप्लाई इंस्पेक्टर के पद पर नौकरी लगवा देगा। इसके लिए रवि ने आवेदन किया हुआ था। इसके अलावा उसके बेटे व भतीजे को आर्मी में लगवाने का झांसा दिया। उन्होंने फूड सप्लाई में रवि को लगवाने के लिए सात लाख रुपये और बेटे व भतीजे को आर्मी में लगवाने के लिए चार-चार लाख रुपये में बात की थी। उसने यह पैसे 2018 में लिए थे। रवि ने 2017 में फूड सप्लाई इंस्पेक्टर की पोस्ट के लिए पेपर दे रखा था। कुछ दिन बाद सुनील ने बताया कि उसको पता चला है कि रामनिवास बहुत ही चालाक व धोखेबाज व्यक्ति है। जो सरकारी नौकरी दिलवाने का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठता है। पता चलने पर उसने रामनिवास से फोन पर बात की और पैसे वापस मांगे उसने पैसे वापस देने की बात कही। रामनिवास ने कहा कि वह बकाया पैसे भी धीरे-धीरे दे देगा। कुछ दिन बाद जब रामनिवास से बकाया पैसे देने को कहा तो उसने मना दिया और पुलिस को शिकायत देने की बात पर जान से मारने की धमकी दी। पैसे लेने के लिए दो बार पंचायत भी हुई, लेकिन रामनिवास ने पैसे वापस नहीं दिए। शहर थाना प्रभारी डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे हड़पने के आरोप में रामनिवास के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।