27जेएनडी02: मेधावी विद्यार्थी पुरस्कार सम्मान समारोह में मौजूद विद्यार्थी। स्रोत: अध्यापक
रामराय। केंद्रीय आर्य युवक परिषद के तत्वावधान में सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामराय में मेधावी विद्यार्थी पुरस्कार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दसवीं और बारहवीं कक्षा में मेरिट प्राप्त विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसकी अध्यक्षता मोहनलाल शर्मा ने की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा ने कहा कि शिक्षा सामाजिक, नैतिक और व्यक्तित्व विकास की आधारशिला है। जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और कड़ी मेहनत भी जरूरी है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देते हैं। केंद्रीय आर्य युवक परिषद के जिलाध्यक्ष कृष्ण दहिया ने बताया कि परिषद की ओर से पूरे देश में मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मान अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्राचार्या ज्योति शर्मा सहित अध्यापक मोहन शर्मा, राजकुमार लोहान, हरीश ढूल, प्राध्यापिका कविता, सुधा, रितु, राजलक्ष्मी, पूनम, एनसीसी कमांडर कुलदीप, रणधीर, अनिल, जय भगवान, हरीश, मोनिका मौजूद रहे।