राजकीय स्कूलों में नौंवी व 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को साइकिल मुहैया करवाने के लिए शिक्षा विभाग ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डिफेंस कॉलोनी में साइकिल मेला लगाया। विभाग द्वारा नौंवी कक्षा के विद्यार्थी को 3100 रुपये तथा 11वीं कक्षा के विद्यार्थी को 3300 रुपये साइकिल के लिए दिए जाने हैं लेकिन साइकिल चार हजार रुपये से कम नहीं मिल रही है। इस कारण काफी अभिभावक साइकिल बुक करवाए बिना ही लौट गए। मेले में सिंघवाल साइकिल स्टोर, प्रवीण साइकिल वर्कर्स व धर्मचंद-दर्शनलाल विक्रेताओं ने स्टाल लगाई थी।
शिक्षा विभाग की योजना के अनुसार अनुसूचित जाति के नौंवी व 11वीं कक्षा के ऐसे बच्चों को साइकिल दिए जाने हैं जिनके गांव में नौंवी व 11वीं का स्कूल नहीं है। यह बच्चे अपने गांव से दो किलोमीटर दूर किसी अन्य गांव के स्कूल में पढ़ने जाते हों। इसके लिए विभाग ने 20 इंची साइकिल का रेट 3100 रुपये व 22 इंची साइकिल का रेट जीएसटी समेत 3300 रुपये निर्धारित किया था। साइकिल मेले में विक्रेताओं द्वारा लगाई गई स्टाल में साइकिल चार हजार रुपये से लेकर साढ़े दस हजार रुपये तक की थी। कुछ अभिभावक विभाग द्वारा निर्धारित रेट से ज्यादा रेट की साइकिल देखकर खाली हाथ लौट गए। वहीं दिनभर में 1400 से ज्यादा अभिभावकों ने अपने बच्चों के लिए साइकिल बुक की, जिसमें से 3100 व 3300 रुपये की राशि विभाग द्वारा अभिभावकों के खाते में डाली जाएगी। निर्धारित रेट से ज्यादा रेट की साइकिल लेने पर अभिभावकों को बची हुई राशि का भुगतान अपनी जेब से करना पड़ेगा।
विद्यार्थियों को सुविधा देने के लिए साइकिल योजना कारगर
उपजिला शिक्षा अधिकारी सुमित्रा देवी ने कहा कि शिक्षा विभाग की योजना बच्चों को साइकिल की सुविधा मुहैया करवाने की है। कोई भी विद्यार्थी अपनी पसंद की साइकिल खरीद सकता है। विभाग केवल 3100 व 3300 रुपये ही देगा। बच्चों को आसानी से साइकिल मिल जाए, इसके लिए साइकिल मेले का आयोजन किया गया था। इसमें 1400 से ज्यादा अभिभावकों ने अपने बच्चों के लिए साइकिल बुक की हैं।