करेला गांव में खेतों में बने कमरे में मंगलवार सुबह चारपाई पर गांव के ही 35 वर्षीय युवक सुरेंद्र का शव मिला। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
करेला गांव निवासी राजेंद्र के खेत में बने कमरे में चारपाई पर सुरेंद्र का शव पड़ा हुआ देख खेत जा रहे ग्रामीणों ने सूचना परिजनों व पुलिस को दी। सूचना पाकर जुलाना पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जींद के नागरिक अस्पताल में भिजवाया। मृतक के भाई मनोज ने जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार सांय को गांव का ही अमित उर्फ भोकू सुरेंद्र के घर पर गाली गलोज करता हुआ आया और उसके साथ झगड़ा भी किया। इसके बाद सुरेंद्र के पिता ने अमित को शांत करवाया और उसको वापस घर भेज दिया। इस दौरान अमित ने सुरेंद्र को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद फिर से अमित दो-तीन बार झगड़ा करने की नीयत से सुरेंद्र के घर पर आया। सुबह सूचना मिली कि राजेंद्र के खेत में सुरेंद्र का शव मिला है। जब उन्होंने खेत में जाकर सुरेंद्र के शव को देखा तो उसके मुंह व शरीर के अन्य भाग पर चोट के निशान थे।
करेला गांव में युवक की मौत के बाद परिजनों की शिकायत पर गांव के ही आरोपी अमित उर्फ भोकू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
-समरजीत, जुलाना थाना प्रभारी।