फोटो 5 नरवाना। लाइब्रेरी का उद्घाटन करते हुए मंत्री कृष्ण कुमार बेदी। स्रोत प्रशासन।
नरवाना। इंदिरा कॉलोनी स्थित वाल्मीकि आश्रम में 23 लाख रुपये की लागत से बने ज्ञानदीप पुस्तकालय का सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने रविवार को उद्घाटन किया। उन्होंने पुस्तकालय से मुख्य सड़क तक 12 लाख रुपये की लागत से पक्का रास्ता बनवाने की घोषणा भी की।
मंत्री ने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित समाज की मजबूत नींव होता है।राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के दूर-दराज़ के गांवों और ढाणियों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है ताकि हर बच्चे को बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य का अवसर मिल सके। सरकार आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षण संस्थानों और पुस्तकालयों के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।
मंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों की कमी है या जहां स्कूल जर्जर स्थिति में हैं वहां बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी आगे बढ़ने के समान अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम के बाद मंत्री ने पुस्तकालय का निरीक्षण किया और वहां मौजूद छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर मार्केट कमेटी चेयरमैन अमित ढाकल, उप चेयरमैन सत्यप्रकाश सैनी, नगर परिषद प्रतिनिधि विशाल मिर्धा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।