जींद। जिला में पिछले सप्ताह हुई बरसात व ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों में नुकसान हो गया था। इस दौरान किसानों ने क्षतिपूर्ति पोर्टल खोलने की मांग की थी, ताकि किसान फसल में हुए नुकसान की भरपाई के लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल पर फसल खराबे की जानकारी अपलोड कर सकें, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद अब सरकार ने यह पोर्टल खोला है। इस मुद्दे को अमर उजाला ने 23 फरवरी के अंक में प्रकाशित किया था। इसके बाद खबर का असर हुआ और सरकार ने पोर्टल खोला।
20 फरवरी को कुछ गांवों में ओलावृष्टि व भारी बरसात से फसलों में नुकसान होने की सूचना प्राप्त हुई थी, इसको लेकर प्रभावित गांवों के किसानों ने डीसी को शिकायत दर्ज करवाई थी। जिला प्रशासन ने किसानों की शिकायत को मुख्यालय भेजकर ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोलने की सिफारिश की थी। इसको गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार की ओर से फसलों में हुए नुकसान की भरपाई के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया है।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि किसान अपनी रबी फसल में हुए नुकसान को इस पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। फसल नुकसान की रिपोर्ट दर्ज करने की अंतिम तारीख 10 मार्च है। किसान की ओर से फसल के नुकसान को अपलोड करने के बाद संबंधित पटवारी और कानूनगो की ओर से भौतिक निरीक्षण कर विभाग उसका सत्यापन कराकर नुकसान की भरपाई करवाएगा।
जिले में लगभग एक हजार के आसपास किसानों की फसल ओलावृष्टि से प्रभावित हुई थी। फसल के नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को 72 घंटे में क्षतिपूर्ति पोर्टल पर फसल खराबे की जानकारी अपलोड करनी थी। ओलावृष्टि के कारण उचाना, जींद, जुलाना, पिल्लूखेड़ा, नरवाना, उझाना व सफीदों खंड के सैकड़ों गांवों में गेहूं व बागवानी की फसलों को नुकसान हुआ है। किसानों के अनुसार 50 प्रतिशत से अधिक नुकसान गेहूं में है, जबकि 70 प्रतिशत से ज्यादा नुकसान सब्जी की खेती में है।
सलाह फसल बीमा के किसानों के लिए
14447 पर करें कॉल डॉ. गिरीश नागपाल ने बताया कि जिन किसानों ने फसल का बीमा करवाया हुआ है। वह किसान फसल खराबे के नुकसान की भरपाई के लिए 14447 पर कॉल करें। इसमें किसानों की शिकायत दर्ज की जाएगी। जिस गांव में एक चौथाई किसानों की फसल खराब हुई है। उन गांवों में एसडीएम व तहसीलदार के नेतृत्व में जांच कमेटी जाकर जांच करेगी। इसके बाद किसानों को फसल का मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा जिन किसानों ने फसलों का बीमा नहीं करवाया है। क्षतिपूर्ति पोर्टल पर नुकसान की भरपाई के लिए उन किसानों की फसल की जानकारी मेरी फसल मेरा ब्यौरा पर दर्ज होनी चाहिए। इसके बाद ही किसान खराबे को दर्ज करवा पाएंगे।
गिरीश कुमार डीडीए
भाजपा नेता कैप्टन योगेश बैरागी ने किया था दौरा
गांव खरक रामजी, आसन व चाबरी के खेतों में ओलावृष्टि से हुए नुकसान की जानकारी के लिए जुलाना से विधानसभा प्रत्याशी रहे कैप्टन योगेश बैरागी ने दौरा किया। जिले के प्रशासनिक अधिकारियों को फोन कर मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को नुकसान का खामियाजा न भुगतना पड़े।