हादसों पर नियंत्रण के लिए सड़कों के सभी अवैध कटों को बंद किया जाएगा। इस कार्य को पूरा करने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर दी गई है। अगर कोई व्यक्ति अवैध कटों को बंद करने के बाद दोबारा खोलता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी। डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने यह बात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए कई कार्य करवाए जाएंगे। जिन स्थलों पर दुर्घटना होने की आशंका है वहां पर साइन बोर्ड व सड़क सुरक्षा चिह्न लगवाए जाएंगे। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह ओवरलोडिंग व गलत दिशा से मुख्य सड़क पर प्रवेश करने वाले वाहनों के चालान करना सुनिश्चित करें। बैठक में डीटीओ सत्यवान सिंह मान, एसडीएम राजेश कुमार, एसडीएम मनदीप कुमार व एसडीएम सुरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
ईक्कस और ईंटल गांव में सड़क के किनारे से हटाई जाएंगी सब्जी की दुकानें
मीटिंग में एजेंडा आया कि ईक्कस और ईंटल गांव में सब्जी विक्रेताओं द्वारा अवैध रूप से सड़क पर अतिक्रमण किया गया हुआ है। इससे हादसा होने का डर बना रहता है। ऐसे में आदेश दिया गया कि दोनों जगहों से अतिक्रमण हटवाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही डीसी ने जींद शहर के रुपया चौक से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तक सड़क पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। क्योंकि इस जगह पर सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ओवर लोडिंग और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर कसा जाए शिकंजा
इस दौरान डीसी ने जिला परिवहन अधिकारी से जिले में ओवरलोड वाहनों, शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले चालकों, सड़क पर गलत दिशा पर गाड़ी चलाने वाले चालकों के चालान काटने के लिए टीमों का गठन करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि दुर्घटना रोकने के लिए ऐसे लोगों पर कार्रवाई जरूरी है।
शाहपुर गांव के पास टूटे जींद-कैथल मार्ग के संबंध में अधिकारियों ने डीसी को बताया कि टूटी हुए भाग को ठीक करवाने के लिए प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय को भेजा गया है। जैसे ही स्वीकृति मिलती है, सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने गोहाना रोड स्थित रजबाहा नंबर सात के पास कुएं को मिट्टी से भरवाने के लिए बैठक में ही उच्च अधिकारियों से फोन पर बातचीत की और उन्हें जल्दी भरवाने के निर्देश दिए।