जींद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से दो व तीन जनवरी को आयोजित की जाने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी व नकल रहित तरीके से संपन्न करवाने के लिए बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में बैठक हुई। इस दौरान एसडीएम राजेश कुमार ने सभी परीक्षा केंद्रों को सैनिटाइज कराने के आदेश दिए। वहीं 21 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली परीक्षा के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा के लिए 16 हजार 225 आवेदकों ने अप्लाई किया हुआ है। बैठक में नगराधीश होशियार सिंह मौजूद रहे।
उन्होंने आदेश दिया कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट दो जनवरी को सुबह 11 बजे खजाना कार्यालय पहुंचे और तीन जनवरी को सुबह सात बजे अपनी हाजिरी सुनिश्चित करें। परीक्षा सुबह व शाम दो सत्र में होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर जैमर की व्यवस्था भी रहेगी। उन्होंने कहा कि शाम के सत्र में परीक्षार्थी 12 बजकर 50 मिनट से दो बजे तक परीक्षा केंद्रों में प्रवेश कर सकते हैं। इसी प्रकार सुबह के सत्र में परीक्षार्थी नौ बजे तक परीक्षा केंद्रों में प्रवेश कर सकेंगे। परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों के प्रवेश के दौरान वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी।