जींद। जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने 7 दिसंबर को जुलाना में होने वाले स्थापना दिवस कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यालय पर बैठक कर रैली की तैयारियों को गति दी। पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा, पदाधिकारी रूठें कार्यकर्ताओं को मनाएं और घर-घर जाकर आम जनता को रैली का न्योता दें। संगठन की ताकत कार्यकर्ता होते हैं। उनके दम पर ही संगठन चलाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए सबसे पहला और अहम काम संगठन में हर कार्यकर्ता को जोड़ना है। जितने भी कार्यकर्ता किसी कारणवश जजपा से नाराज हैं या निष्क्रिय हो गए हैं। उन्हें व्यक्तिगत रूप से जाकर मनाएं और दोबारा संगठन से जोड़ने का प्रयास करें। संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुटता से ही चुनावी सफलता का मूलमंत्र है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा, संगठन की ताकत बूथ स्तर से शुरू होती है। इसलिए हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाएं। पार्टी की सभी प्रकोष्ठों के प्रधान रैली के लिए काम करना शुरू करें। इसके लिए वाहन की व्यवस्था करें और रैली में इस तरह से न्यौता दें, जिस तरह परिवार की शादी में रूठों को मनाते हैं।
दुष्यंत चौटाला ने कहा, उन्हें पूरा भरोसा है कि नाराज कार्यकर्ता मान जाएंगे। अगर उनकी जरूरत पड़ेगी तो वे कार्यकर्ताओं के लिए हर समय मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि रैली की सफलता निर्भर करेगी कि कितनी मजबूती से कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर संपर्क अभियान चलाते हैं।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि वह अपने मोबाइल में जितने भी संपर्क नंबर हैं। उन सभी को फोन करके स्थापना दिवस रैली का निमंत्रण दें लेकिन व्यक्तिगत न्योता ही लोगों को कार्यक्रम तक लाने में सबसे प्रभावी तरीका है।
आने वाले 20 दिन बेहद महत्वपूर्ण
पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आने वाले 20 दिन बेहद महत्वपूर्ण हैं। यदि हर कार्यकर्ता मेहनत और निष्ठा से आगे आएगा तो रैली ऐतिहासिक बनेगी। 20 दिन की मेहनत ही संगठन को नई ऊर्जा देगी और जनता के बीच पार्टी की मजबूती को फिर से स्थापित करेगी।
रैली से पहले ही जिला, हलका व प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी घोषित करें
दुष्यंत चौटाला ने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। कहा, रैली से पहले जिला, हलका और प्रकोष्ठ स्तर पर नई कार्यकारिणी की घोषणा की करें। इससे नए पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी मिलेगी और वे उत्साह के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुट सकेंगे। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पार्टी की नई शुरुआत का अवसर है। जुलाना की धरती से जजपा एक बार फिर नई ऊर्जा और नए जोश के साथ आगे बढ़ने का संदेश देगी।
बैठक में यह पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में जिलाध्यक्ष जोरा सिंह डुमरखां, जिला प्रभारी सत्यनारायण बूरा, पूर्व विधायक अमरजीत ढांडा, कृष्ण राठी, रैली हलका प्रभारी राजेश सैनी जींद, ओपी लाठर, अनिल झंझाडी, रमेश खटक पूर्व विधायक, रणबीर चीका, धर्मपाल तंवर, सुनील कंडेला, सुरेंद्र गाेयत, बिजेंद्र मलिक, वीरेंद्र कौशिक, अनिल कुंडू, जिला प्रैस प्रवक्ता विकास जांगड़ा, महिला जिला प्रधान सुनीता ढुल, दीपक देशवाल, जयपाल मलिक, राजू नाई, अमिता ढांडा मौजूद रहे।