12जेएनडी21: एलआईसी रोड पर कूडे के ढेर में लगी आग से उठ रहे धुंए को दिखाते लोग। संवाद
नरवाना। शहर के एलआईसी रोड पर नगर परिषद की लापरवाही के चलते कूड़े का अंबार लग गया है। स्थिति यह हो गई है कि सफाई कर्मचारी कूड़ा तो एकत्रित करते हैं, लेकिन उसे ठिकाने लगाने की बजाय वहीं खाली कर चले जाते हैं। इससे सड़क किनारे रोजाना गंदगी का ढेर जमा हो रहा है।
इसके कारण दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी होर ही है। कचरे के कारण आधी सड़क पर गंदगी जमा हो गई।
वहीं कूड़े में कूड़े के ढेर में आग लगाने से प्रदूषित धुएं का गुब्बार उठने लगा। दुकानदारों ने बताया कि इस धुएं से सांस लेने में परेशानी हो रही थी और आंखों में जलन तक महसूस हुई।
दुकानदार मोनू, धर्मवीर, संदीप व दीप ने बताया की हर सुबह जब दुकान खोलते हैं तो सबसे पहले एक घंटे तक सफाई करनी पड़ती है। प्लास्टिक और अन्य कचरा हवा में उड़कर दुकान के आगे आ जाता है। बदबू इतनी आती है कि ग्राहक भी मुंह ढककर निकलते हैं।
दुकानदारों ने कहा कि कूड़े की वजह से न सिर्फ उनकी रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं, बल्कि ग्राहकों की संख्या भी कम होती जा रही है।
ग्राहक इस कचरे से उठने वाली बदबू की वजह से खड़े नहीं हो पाते हैं। इससे उनकी दुकानदारी भी खराब हो रही है। क्याेंकि गंदगी के कारण ग्राहक बेहद कम आ रहे हैं और जो आ रहे हैं वह भी बदबू के कारण लाैट जा रहे हैं। ऐसे में उनके दुकान का सामान बिक नहीं रहा है।