20जेएनडी14-निर्जन के सरकारी स्कूल में बच्चों को संबोधित करते नरेश कुमार। स्रोत पुलिस
जींद। पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने सोमवार को राजकीय उच्च विद्यालय निर्जन में नशे के दुष्प्रभाव, साइबर फ्रॉड और यातायात नियमों और तीन नए कानूनों के बारे में बताया। इसकी अध्यक्षता प्राचार्य मीना ने की।
टीम इंचार्ज नरेश कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर, परिवार और समाज तीनों का सबसे बड़ा शत्रु है। यह न केवल स्वास्थ्य को बर्बाद करता है बल्कि युवाओं का भविष्य भी अंधकारमय कर देता है।
आप सभी विद्यार्थी देश का भविष्य हो। पढ़ाई, खेल और अपने सपनों में ध्यान लगाओ, नशे जैसी बुरी आदतों से हमेशा दूर रहो। यदि आपके आस-पास कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें।
उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के खतरों से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आजकल अपराधी फोन कॉल, सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से व्यक्तिगत जानकारी जैसे ओटीपी, पासवर्ड हासिल करने की कोशिश करते हैं। ऐसे में सभी को सतर्क रहना चाहिए और किसी भी अनजान व्यक्ति से अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
इसके अलावा विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों का पालन करना जरूरी है। हेलमेट, सीट बेल्ट का प्रयोग और यातायात संकेतों का पालन हमारी सुरक्षा के लिए अनिवार्य है। अंत में सभी विद्यार्थियों और स्टॉफ ने नशा और साइबर अपराधों से दूर रहने की शपथ ली।