नरवाना। शहर की एलआईसी रोड पर शुक्रवार दोपहर शर्मा ड्राइविंग स्कूल के संचालक की कार पर तीन अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। हमले में कार क्षतिग्रस्त हो गई। फिलहाल हमले के कारणों का पता नहीं चल सका है।
शर्मा ड्राइविंग स्कूल के संचालक सुदेश शर्मा अपनी कार से एलआईसी रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक अचानक उनकी कार के सामने आकर रुक गए। इसके बाद दो युवक बाइक से उतरे और ईंट-पत्थरों से कार पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से सुदेश शर्मा घबरा गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े लेकिन तब तक तीनों आरोपी फरार हो चुके थे। हमले में कार को नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान कर रही है।