शोरूम में हुई चोरी के बारे में जानकारी देता मालिक।
- फोटो : Jind
दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे पर आईटीआई के सामने हार्डवेयर के शोरूम गणपति टिंबर स्टोर का शटर तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये का सामान चोरी लिया। दुकानदार के अनुसार उसका लगभग दस लाख रुपये का नुकसान हुआ है। चोरी करने से पहले चोरों ने शराब पी और शोरूम के बाहर व अंदर लगे आठ सीसीटीवी कैमरों को तोड़कर फेंक दिया। गनीमत रही की चोरों के हाथ डीवीआर नहीं लगा नहीं तो चोरी की फुटेज नहीं मिल पाती। फुटेज के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
शोरूम मालिक नीरज गोयल ने बताया कि वीरवार सुबह पड़ोस के दुकानदारों ने शटर टूटा देखकर चोरी के बारे में जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह शोरूम पहुंचा और घटना की सूचना शहर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना की जांच शुरू की। सीसीटीवी कैमरे में तीन चोर नजर आ रहे हैं। चोरों ने सबसे पहले दुकान का शटर साइड से उखाड़ कर दुकान में लगे शीशे के गेट के ताले को तोड़ा और फिर दुकान में दाखिल होने के बाद दुकान की बिजली सप्लाई काट दी और दुकान में लगे तमाम सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। चोरों ने यहां बैठ कर शराब पी। दुकान के बाहर साथ लगते प्लाट में शराब की बोतल व खाली गिलास पड़े मिले। टूटे सीसीटीवी कैमरे भी सड़क पर फेंक दिए। चोरों ने दुकान में लगी एक एलईडी तोड़ दी और दूसरी अपने साथ ले गए। चोरों ने दुकान में रखीं कीमती टूंटियां डिब्बों से निकाल कर बैगों में भरकर ले गए।
शोरूम मालिक ने बताया कि चोर दस लाख रुपये का सामान ले गए हैं। नीरज ने कहा कि उसके यहां तीसरी बार चोरी हुई है। पहले एक बार हुई चोरी का सामान पुलिस ने बरामद किया था। चोरों ने दुकान में डिस्पले के लिए लगाई गए टूंटियों को भी नहीं छोड़ा और तमाम डिस्पले के सामान को भी चुरा लिया। चोरों ने सीसीटीवी कैमरों को तोड़कर व बिजली सप्लाई बंद करके चोरी करना चाहा, लेकिन डीवीआर उनके हाथ नहीं लग सका। कैमरे तोड़ने से पहले ही उनकी वारदात व फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शहर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू क दी है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनीष सराहण ने कहा कि दुकान मालिक की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है।
मौके पर पड़ी शराब की बोतलें।- फोटो : Jind
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे चोर।- फोटो : Jind
शोरूम में चोरों द्वारा बिखेरा गया सामन और खाली डिब्बे।- फोटो : Jind