जींद। इनर व्हील क्लब जींद की ओर से अभिनंदन होटल में करवाचौथ का त्योहार उत्साह मनाया गया। क्लब प्रधान डॉ. सीमा मलिक की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में महिलाओं ने रंग-बिरंगे परिधानों में सजकर नृत्य, शेरो-शायरी, रैंप वॉक, मनोरंजक खेलों और तंबोला में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण करवा क्वीन प्रतियोगिता रही, जिसमें विभिन्न चरणों को पार करते हुए डॉ. शैली गुप्ता एडवोकेट ने करवा क्वीन का खिताब अपने नाम किया। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. परमिंदर कौर ने शेरो-शायरी के रोचक अंदाज में किया। वंदना गुप्ता और अनीता सैनी ने मनोरंजक खेलों और तंबोला का आयोजन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में आरती सैनी, करुणा सैनी, उषा बंसल, ललिता गोयल, सुनीता मलिक और वंदना गुप्ता ने नृत्य प्रस्तुतियां देकर समां बांधा।
डॉ. मोनिका जैन और अनीता सैनी ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। करवा कोर कमेटी की सदस्यों ने भी आकर्षक सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी। समारोह में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए क्लब की ओर से अतिथियों को इनर व्हील के लोगो वाले कपड़े के थैले भेंट किए गए।
इसके अलावा बुलबुल ने आर्टिफिशियल ज्वेलरी, बिंदु गुप्ता ने हस्तनिर्मित सजावटी सामान और कनक केक की ओर से केक व बेकरी उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। क्लब अध्यक्ष सीमा मलिक ने कहा कि संस्था सामाजिक सेवा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेती है।
ऐसे आयोजन महिलाओं को प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ आपसी प्रेम, सद्भाव और मेलजोल को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर प्रेम दलाल, पूजा मुद्गिल, दीप्ति गुप्ता, रीना, शालू शर्मा, पूजा बंसल, मीना सैनी, अनीता ओहल्यान, पूनम अहलावत, सुनीता बंसल और बिंदु गुप्ता मौजूद रही।