जींद। हरियाणा के जनगणना निदेशक डॉ. ललित जैन ने मंगलवार को जिले में चल रहे जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में डॉ. जैन ने जनगणना की प्रगति, तैयारियों और फील्ड स्तर पर हो रहे कार्यों का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में हाउस लिस्टिंग के तहत घर-घर सर्वे किया जा रहा है। इसमें लगभग 33 प्रश्नों के माध्यम से नागरिकों की आवासीय सुविधाएं, जीवन स्तर, एलपीजी, बिजली, वाहन, शौचालय, जल स्रोत व मकान की स्थिति संबंधी जानकारी एकत्रित की जा रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं और फील्ड कर्मियों को आवश्यक सहयोग दिया जाए। साथ ही नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना कर्मियों के साथ सहयोग करें और सही जानकारी दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी कर्मचारी ओटीपी या आधार नंबर नहीं मांगता।
डॉ. जैन ने अर्बन एस्टेट क्षेत्र में फील्ड निरीक्षण भी किया और कार्य की सराहना की। उन्होंने बताया कि हाउस लिस्टिंग का कार्य 31 मई तक पूरा होगा जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में होगा।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि जिले में पर्याप्त इन्यूमरेटर व सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं और सभी को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है।
लोक निमार्ण विभाग के विश्राम गृह में की पत्रकार वार्ता
जनगणना निदेशक डाॅ ललीत जैन ने पत्रकार वार्ता में बताया कि जिले में जनगणना के पहले चरण, हाउस लिस्टिंग (घर-घर सर्वेक्षण) को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले 15-20 दिनों में इन्यूमरेटर जिले के प्रत्येक घर तक पहुंचकर यह जानकारी एकत्रित करेंगे। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन हरियाणा में सेल्फ-एन्यूमरेशन के क्षेत्र में अग्रणी रहा है और इस बार भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। सभी तहसीलदार, कार्यकारी अधिकारी (ईओ), चार्ज ऑफिसर तथा अन्य संबंधित कर्मचारी पूरी तरह से प्रशिक्षित और तैनात हैं।
05जेएनडी33