जींद। शहर और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों घरेलू रसोई गैस सिलिंडर को लेकर उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलिंडर के दामों में करीब 60 रुपये की बढ़ोतरी होने के साथ-साथ सिलिंडर की किल्लत भी सामने आ रही है।
हालात यह हैं कि कई उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है जबकि ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी सही तरीके से काम नहीं कर रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले ही महंगाई से घर का बजट प्रभावित है ऊपर से गैस सिलिंडर के दाम बढ़ने से रसोई का खर्च और बढ़ गया है।
ऑनलाइन बुकिंग करने की कोशिश करने पर भी बुकिंग नहीं हो पा रही है इससे उन्हें गैस एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। गैस एजेंसी पर सिलिंडर लेने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। घंटों इंतजार करने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पाता।
रसोई गैस के दाम बढ़ने से घर का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। पहले ही सब्जी, दूध और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़े हुए हैं, अब गैस महंगी होने से रसोई का खर्च और ज्यादा हो गया है। कई परिवारों को अब खर्चों में कटौती करनी पड़ रही है।
- पूजा देवी
पहले गैस सिलिंडर की बुकिंग करने के बाद दो-तीन दिन में डिलीवरी हो जाती थी लेकिन अब कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं ऑनलाइन बुकिंग नहीं होने से बुजुर्ग और ग्रामीण क्षेत्र के लोग ज्यादा परेशान हैं।
- रेशमा
अगर जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है। प्रशासन से मांग है कि गैस एजेंसियों पर निगरानी बढ़ाई जाए और उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाए ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। पहले ही गैस सिलिंडर की बुकिंग करवा दी थी लेकिन डिलीवरी के समय उनसे 60 रुपये ज्यादा लिए जा रहे हैं। अचानक बढ़ी कीमत से आम लोगों का बजट बिगड़ गया है और उपभोक्ता परेशान हैं।
- फूल कुमार
रेट बढ़ने का पहले नोटिस नहीं मिला था। अब निर्देश जारी हुए हैं कि सिलिंडर के रेट में बढ़ौतरी हुई है। इसके चलते नए रेट उपभोक्ताओं से लिए जा रहे हैं।
- विकास आहूजा, मैनेजर, गैस एजेंसी