जींद। तहसील कार्यालय में दूसरे दिन वीरवार को आवश्यक कागज उपलब्ध नहीं होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यह समस्या कई दिनों से बनी हुई है। प्रशासन जरा सा भी गंभीर नहीं है। वीरवार को परेशान लोग समाधान शिविर में पहुंचे।
वीरवार को कागज नहीं मिलने से परेशान लोग लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में पहुंचे। अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाया गया। इस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि समस्या का जल्द समाधान करवा दिया जाएगा।
रोहताश, सतबीर, रघुबीर, रोहित का कहना है कि कागज की कमी के कारण आम जनता को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है। यह स्थिति पिछले कुछ समय से बनी हुई है। उन्होंने मांग की कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
जमाबंदी, इंतकाल और अन्य राजस्व संबंधी कार्यों के लिए आने वाले लोगों को मजबूरी में बाजार से पैसे खर्च कर कागज खरीदकर लाने पड़ रहे हैं। इससे न केवल उनका अतिरिक्त खर्च बढ़ रहा है बल्कि सरकारी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
तहसील में आए रामप्रभात, जयकुमार, सुनील, प्रभुदयाल, मनोहर का कहना है कि वह पहले ही सरकारी फीस जमा करते हैं लेकिन इसके बावजूद उन्हें कागज जैसी मूलभूत सुविधा भी उपलब्ध नहीं करवाई जा रही।
उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से वे अपने कार्यों के लिए तहसील के चक्कर काट रहे हैं लेकिन कागज न होने के कारण उनका काम नहीं हो पा रहा। ऐसे में उन्हें या तो काम टालना पड़ रहा है या फिर बाजार से कागज खरीदने पड़ रहे हैं।
वर्जन
जिले की किसी भी तहसील ऐसी कोई समस्या नहीं है। वीरवार और बुधावर को भी एसडीएम से बात की थी। सभी एसडीएम के पास फंड भी है। यदि कोई छोटी-मोटी दिक्कत है तो दूर कर दी जाएगी।
-मोहम्मद इमरान रजा, डीसी जींद