जींद। नागरिक अस्पताल में अव्यवस्थाओं का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। अस्पताल की लैब के बाहर शेड न होने के कारण जांच रिपोर्ट लेने आ रहे मरीज 40 डिग्री तापमान में खड़े रहने को मजबूर हैं। जिला प्रशासन लोगों को भीषण गर्मी और लू से बचाव की सलाह दे रहा है लेकिन अस्पताल में लू से बचने के लिए व्यवस्था ही नहीं है।
तेज धूप के बीच मरीजों को घंटों लंबी कतारों में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे इस स्थिति से सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। कई मरीजों का कहना है कि बीमारी से ज्यादा उन्हें धूप और इंतजार की मार झेलनी पड़ रही है।
पीएमओ की ओर से लोक निर्माण विभाग को कई बार पत्र लिखकर लैब के अंदर और बाहर अधूरे निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं लेकिन ये निर्देश अब तक ठंडे बस्ते में हैं।
अस्पताल की लैब के बाहर लगा शेड करीब दो माह पहले हटाया गया था ताकि उसकी जगह नया शेड लगाया जा सके। अब तक नया शेड लगाने का कार्य शुरू नहीं किया गया है। इस बीच गर्मी ने खड़े रहना मरीजों के लिए किसी परीक्षा से कम नहीं है। सुबह के समय मरीज अपने सैंपल देने के लिए पहुंचते हैं लेकिन दोपहर में जब रिपोर्ट लेने का समय होता है तब तेज धूप के बीच लंबी कतारों में खड़े रहना उनकी मजबूरी बन जाती है।
अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 400 के आसपास विभिन्न तरह के टेस्ट किए जाते हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन रिपोर्ट लेने के लिए लैब के बाहर जमा हो जाते हैं। शेड नहीं होने के कारण सभी को धूप में खड़ा रहना पड़ता है।
धूप में लंबे समय तक खड़े रहने तबीयत बिगड़ने का डर
बुजुर्ग मरीज संतोष, नरेश, पूनम ने बताया कि वह पहले से ही बीमारी हैं। ऊपर से तेज धूप में लंबे समय तक खड़े रहने से उनकी तबीयत और बिगड़ने का डर बना रहता है। कई बुजुर्गों को खड़े रहने में परेशानी होती है जबकि छोटे बच्चों को भी गर्मी में संभालना मुश्किल हो जाता है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
वर्जन
अस्पताल प्रशासन को इस समस्या की पूरी जानकारी है लेकिन समाधान को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही। यदि जल्द ही शेड लगाने का कार्य शुरू नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के साथ स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
-राजकुमार गोयल, समाज सेवी
-
प्रशासन से मांग की है कि मरीजों की सुविधा को देखते हुए जल्द से जल्द लैब के बाहर शेड लगाया जाए ताकि बीमार लोगों को धूप में खड़े रहने से राहत मिल सके। यहां पर शेड में पंखे लगाकर कुर्सियां भी लगाई जाए ताकि धूप में रिपोर्ट के लिए इंतजार नहीं करना पड़े और मरीज आसानी से बैठ सकें।
-सुनील वशिष्ठ समाजसेवी
वर्जन
लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों को कई बार पत्र लिखकर लैब के अंदर-बाहर अधूरे कार्य पूरे करवाने के निर्देश दिए जा चुके हैं लेकिन विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते अस्पताल में व्यवस्था बिगाड़ी जा रही हैं। काम को प्राथमिकता के आधार पर नहीं किया जा रहा। अब दोबारा से लोक निर्माण विभाग के खिलाफ शिकायत दी जाएगी ताकि काम को जल्दी पूरा करवाया जा सके।
-रघुवीर पूनिया, पीएमओ नागरिक अस्पताल जींद।