फोटो 01जेएनडी06-ब्रह्मकुमारीज केंद्र में चिकित्सकों को सम्मानित करते हुए आयोजक। स्रोत श्रद्धालु
जींद। विश्व चिकित्सक दिवस पर विवेकानंद नगर स्थित ब्रह्मकुमारीज केंद्र में बुधवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मानव सेवा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान देने पर शहर के चिकित्सकों का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्माकुमारी विजय दीदी व वरिष्ठ भ्राता बीके विजय भाई ने चिकित्सकों को आत्म-स्मृति का तिलक लगाकर किया। इसके पश्चात विजय दीदी ने सभी अतिथियों को सम्मान-पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। वहीं राजीव व निशा ने पुष्पमालाएं पहनाकर सभी चिकित्सकों का अभिनंदन किया।
विजय दीदी ने कहा कि चिकित्सक केवल शरीर का ही नहीं बल्कि रोगी के मन में आशा और विश्वास का संचार भी करते हैं। आज के तनावपूर्ण जीवन में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य भी अत्यंत आवश्यक है। राजयोग मेडिटेशन मन को शांति, सकारात्मकता और आंतरिक शक्ति प्रदान करता है, जिससे व्यक्ति अधिक प्रभावी ढंग से समाज की सेवा कर सकता है।
इस अवसर पर पूर्व सिविल सर्जन डॉ. गोपाल गोयल, पूर्व डिप्टी सीएमओ डॉ. रमेश पांचाल, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. बनीश गर्ग, डॉ. सुशील मंगला, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेश जैन, डॉ. प्रेमचंद सूद और डॉ. अनिल जैन शामिल हुए। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सेवा, संवेदना और समर्पण ही चिकित्सा क्षेत्र की सबसे बड़ी पहचान है।