जींद। नागरिक अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों को अब ओपीडी पर्ची पर अपनी मुहर भी लगानी होगी, ताकि उपचार में किसी तरह की कोई लापरवाही न हो। कई बार चिकित्सक के हस्ताक्षर समझ नहीं आते हैं। यदि ओपीडी स्लिप पर मोहर लगी होगी तो फार्मासिस्ट या फिर उपचार कराने आया मरीज चिकित्सक को नाम से जान सकेगा और फिर दोबारा से उपचार के लिए आने पर गलती नहीं होगी।
यह आदेश सभी चिकित्सा अधिकारी, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, डेंटल सर्जन, सभी ओपीडी रजिस्ट्रेशन कर्मचारी पर लागू होंगे। इसके अलावा नई व पुरानी बिल्डिंग की ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर कार्यरत कर्मचारियों को आदेश दिए गए हैं कि वह ओपीडी समय के दौरान किसी भी चिकित्सा अधिकारी की पर्ची काटना बंद नहीं करेंगे। 200 बेड के जींद अस्पताल में प्रतिदिन की ओपीडी औसतन 1800 के पास है। ऐसे में चिकित्सकों के कमरे के बाहर सुबह होते ही लाइन लग जाती हैं। सबसे ज्यादा भीड़ ऑर्थो, फिजिशियन, डेंटल सर्जन, बच्चों के चिकित्सक व महिला ओपीडी चिकित्सक के बाहर रहती है। मरीजों के लिए राहत है कि एक ही चिकित्सक की ओपीडी पर्ची पर दूसरे चिकित्सक से भी इलाज करवा सकते हैं, ताकि मरीजों को फिर से ओपीडी स्लिप बनवाने के लिए परेशानी न हो। ऐसे में जो भी चिकित्सा अधिकारी मरीज की जांच करेगा वह अपनी स्टैंप ओपीडी पर्ची पर लगाएगा, ताकि फार्मासिस्ट को दवाई देते हुए परेशानी न हो। चिकित्सक हस्ताक्षर की बजाए चिकित्सक के नाम का स्टैंप ज्यादा आसानी से पढ़ी जाती है। पीएमओ कार्यालय से सभी चिकित्सकों को निर्देश जारी कर ओपीडी समय के दौरान ओपीडी कक्ष में और स्टैंप अवश्य लगाने के आदेश जारी किए गए हैं।
भीड़ देखकर डाॅक्टर नहीं बंद कर सकते ओपीडी पर्ची काउंटर
स्वास्थ्य अधिकारियों के संज्ञान में मामला आया है कि कई बार चिकित्सक फोनकर ओपीडी पर्ची काउंटर पर मौजूद कर्मियों को उनके नाम से ओपीडी स्लिप न काटने के लिए कह देते हैं। इस पर अधिकारियों ने संज्ञान लिया है कि हर हाल में ओपीडी समय के दौरान लाइन में खड़े हर व्यक्ति की ओपीडी पर्ची बनाई जाए। वहीं नागरिक अस्पताल में सभी चिकित्सा अधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों की उनके नाम से स्टैंप बनवाई गई है। जब भी मेडिकल प्रक्रिया होती है तो इसी स्टैंप का प्रयोग संबंधित चिकित्सा अधिकारी करता है।
पीएमओ कार्यालय की तरफ से आदेश जारी हुए हैं कि नागरिक अस्पताल जींद में कार्यरत सभी वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, सभी चिकित्सा अधिकारी, सभी डेंटल सर्जन ओपीडी पर्ची पर अपनी स्टैंप लगाएंगे। इसके अलावा चिकित्सक ओपीडी समय में अपने ओपीडी रूम में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा नई व पुरानी बिल्डिंग की ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर कार्यरत कर्मचारियों को आदेश दिए गए हैं कि वह ओपीडी समय के दौरान किसी भी चिकित्सा अधिकारी की स्लिप काटना बंद नहीं करेंगे।
-डॉ. राजेश भोला, डिप्टी एमएस नागरिक अस्पताल जींद।