अवैध गर्भपात के आरोप में अर्बन एस्टेट स्थित पूनिया अस्पताल पर की गई स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद विभाग ने अस्पताल को सील कर दिया है। वहीं चिकित्सक दंपत्ति महिला चिकित्सक डॉ. सरोज पूनिया व उसके पति डॉ. बीएस पूनिया के खिलाफ एमटीपी और सरकारी काम में बाधा डालने का केस दर्ज किया गया है। सिविल सर्जन डॉ. संजय दहिया के अनुसार प्रशासन पहले ही इस मामले में लगा था। जिस समय डमी ग्राहक से चिकित्सक ने पैसे लिए, उसी दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मार दिया था, लेकिन आरोपी चिकित्सक दंपत्ति ने अपना कमरा बंद कर लिया। इसके बाद जब अस्पताल की तलाशी लेनी चाहिए तो ऐसा नहीं करने दिया गया। इसके बाद अस्पताल को सील कर दिया गया था। सिविल सर्जन के अनुसार पुलिस बल मिलने के बाद सील खोल कर तलाशी ली जाएगी। गौरतलब है कि अवैध तौर पर गर्भपात के आरोप में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी की थी।
महिला का हुआ गर्भपात
जिस महिला को स्वास्थ्य विभाग ने डमी ग्राहक बनाया था, उसका भी शनिवार रात गर्भपात हो गया। सिविल सर्जन के अनुसार डॉ. सरोज पूनिया ने एक इंजेक्शन लगाया था और चार गोली खाने के लिए दी थी। इसमें से दो गोली मौके पर ही खिलाई गई और दो बाद में खाने के लिए दी थी। इनको स्वास्थ्य विभाग ने बरामद कर लिया है।