संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। मतदाता सूची के पुनर्निरीक्षण के लिए मंगलवार को केएम कॉलेज के सभागार में निर्वाचन कानूनगो सतीश कुमार की अध्यक्षता में शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विधानसभा क्षेत्र 38 नरवाना के सभी बीएलओ तथा सुपरवाइजरों ने भाग लिया। निर्वाचन कानूनगो सतीश कुमार ने कहा कि सभी बीएलओ 21 अगस्त तक घर-घर जाकर सत्यापन कर सूचना एकत्रित करेंगे।
सत्यापन के बाद निर्धारित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करेंगे। सुपरवाइजरों को अपने-अपने अंतर्गत आने वाले मतदान केंद्रों की भौतिक जांच पड़ताल करनी है। जिनकी जांच करने उपरांत रिपोर्ट निर्धारित प्रोफार्मा में भरकर 22 अगस्त तक जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा करवानी होगी। इसके लिए मतदाता सूचियों का पुन: निरीक्षण किया जाएगा। यह कार्य सभी बीएलओ घर-घर सर्वे के तहत करेंगे। सर्वे के दौरान बीएलओ अपने बूथ के एक-एक मतदाता से संपर्क करेंगे और मतदाता सूची में दर्शाया वोटर का नाम, पता के सही होने की पुष्टि करवाएंगे। सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान क्षेत्र के 80 वर्ष या इससे अधिक आयु के मतदाताओं की पहचान करके जो स्वयं चलने फिरने में असमर्थ है उनकी भी एक सूची तैयार करेंगे। जिन मतदान केंद्रों पर 1400 से अधिक मतदाता हैं। उनकी सूची तैयार करेंगे तथा उनमें स्थानांतरण हुए, मृतक, डबल मतदाताओं के नाम मतदाता हटाने बारे सूची तैयार करवाना सुनिश्चित करें, ताकि मतदान केंद्रों का पुनर्गठन या समायोजन किया जा सके। उन्होंने बताया कि नया वोट बनवाने के लिए फार्म नंबर 6 वोट कटवाने के लिए फार्म नंबर 7 शुद्धिकरण के लिए फार्म नंबर 8 तथा वोटर का पता बदलवाने के लिए फार्म नंबर 8 का उपयोग किया जाना चाहिए। कोई भी वयस्क वोट बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकता है।