जींद। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय राई सोनीपत में 19 से 20 जून को आयोजित होने वाली 19वीं सब-जूनियर हरियाणा स्टेट नेटबॉल चैंपियनशिप (लड़के और लड़कियां) के लिए जींद की टीम का चयन किया जाएगा।
नेटबॉल एसोसिएशन के महासचिव दीपक कौशिक ने बताया कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाली जिला टीम के लिए ओपन ट्रायल और शिविर का आयोजन 27 अप्रैल को राजीव गांधी खेल परिसर नंदगढ़ में किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाले इच्छुक खिलाड़ी ट्रायल देकर प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा बन सकते हैं। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि ट्रायल के समय सभी खिलाड़ियों को नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया की रजिस्ट्रेशन नंबर स्लिप के साथ-साथ अपने पहचान प्रमाण पत्र की मूल प्रति और फोटो कॉपी अनिवार्य रूप से साथ लानी होगी।
जींद जिले के होनहार नेटबॉल खिलाड़ियों के लिए यह अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर है। चयनित टीम जून में सोनीपत में होने वाली चैंपियनशिप में जिला जींद का प्रतिनिधित्व करेगी।