उचाना(जींद)। पुरानी अनाज मंडी में नशा मुक्त हरियाणा मुहिम के तहत अग्रवाल जनहित समिति उचाना की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यातिथि समाज सेवी वीरेंद्र करसिंधु ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता लाला कृष्ण गर्ग करोड़ा वाले ने की। मुख्य वक्ता के तौर पर नशा मुक्ति टीम के एसआई नरेश कुमार शामिल हुए।
समिति संस्थापक लाला रामनिवास करसिंधु ने कार्यक्रम में पहुंचने वालों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। वीरेंद्र करसिंधु ने कहा कि नशा अगर जीवन में करना है तो वो काम, शिक्षा, खेल को लेकर करें। जीवन में नशे से दूर खुद रहने के साथ-साथ दूसरों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करें। नशा घर के लिए नहीं, बल्कि समाज के लिए खतरनाक होता है। जीवन में आगे बढ़ने के लिए कड़ी मेहनत करते हुए नशे से दूर रहें। हमारे पड़ोसी राज्य पंजाब के हालात देख सकते हैं, जहां के युवाओं में नशे की लत लग गई है। हमें अपने परिवार के साथ-साथ समाज को नशे से बचाना होगा।
जिले में 123 युवा छोड़ चुके नशा
एसआई नरेश कुमार ने कहा कि जिले में लोगों को नशा से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। जो नशे से पीड़ित व्यक्ति है, उनको दवा दिलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जो नशा छोड़ना चाहते हैं, वो जींद के नागरिक अस्पताल में कमरा नंबर-27 से मुफ्त में दवा ले सकते हैं। जो नशा तस्कर हैं, उनके बारे में मोबाइल नंबर 9050891508 पर सूचना जरूर दें। सूचना देने वाला का नाम गुप्त रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में 123 युवा नशा छोड़ चुके हैं। काफी लोग दवा ले रहे हैं। घर-घर, गली-गली, गांव-गांव में चौपालों में जाकर लोगों को नशा से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी किसी के साथ हो जाती है तो उसकी तुरंत 1930 पर कॉल करके सूचना दें। आपको किसी प्रकार से कोई ब्लैकमेल करता है तो उसके बारे में जानकारी दे। कोई भी बैंक आपसे ओटीपी नहीं मांगता है। ओटीपी मांगने को लेकर अगर काॅल आए तो ओटीपी न दें। इस अवसर पर पूर्व मंडी प्रधान बलराज श्योकंद, नपा वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि सुरेंद्र डाहोला, चांदी शास्त्री, रोशन लाल घोघड़िया, ओमदत्त डाहोला, मा. जियालाला, पार्षद पंकज करसिंधु, विनोद बंसल, प्रवीण गर्ग, अशोक सुरबरा, सतपाल करसिंधु, देशराज शर्मा, सत्यवान शर्मा मौजूद रहे।
15जेएनडी04: मुख्यातिथि वीरेंद्र करसिंधु को सम्मानित करते हुए आयोजक। संवाद