संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। सफीदों के गांव जामनी हाल आबाद निवासी 39 वर्षीय संदीप ने बेवफाई और 25 लाख रुपये ऐंठे जाने के आरोपों से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
मरने से पहले संदीप ने चार पेज का सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें उसने महिला रेनू और उसके प्रेमी गुरमीत पर मानसिक प्रताड़ना और रुपये ठगने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के भाई रामनिवास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि संदीप शादीशुदा था और उसका पत्नी के साथ तलाक का मामला अदालत में विचाराधीन था। बुधवार को उसके व्हाट्सएप पर संदीप द्वारा भेजा गया चार पन्नों का पत्र मिला। पत्र पढ़ने पर पता चला कि संदीप मानसिक तनाव में था और आत्महत्या करने की बात लिखी थी।
उस समय रामनिवास गुरुकुल कालवा में था। उसने तुरंत भाई को फोन किया लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद वह साथी के साथ घर पहुंचा तो संदीप की हालत गंभीर मिली और वह उल्टियां कर रहा था।
परिजनों ने उसे तुरंत पानीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मरने से पहले संदीप ने अपनी जेब में रखा सुसाइड नोट भाई को सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।