नरवाना। शहर के ओल्ड कोर्ट रोड पर नालों की सफाई को लेकर शुरू हुई कार्रवाई विवाद में घिर गई है। शुक्रवार को एसडीएम जगदीश चंद्र ने स्वयं मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने आरओबी से लेकर अपोलो चौक तक अधिकारियों की टीम के साथ पैदल मार्च कर महत्वपूर्ण बिंदुओं का जायजा लिया।
पूरे क्षेत्र की फोटो और वीडियोग्राफी भी करवाई गई। निरीक्षण में नगर परिषद, पीडब्ल्यूडी और जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन, एसडीओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अपोलो चौक पर दुकानदारों ने एक बार फिर अपनी समस्या एसडीएम के सामने रखी। उन्होंने कहा कि रैंप और चबूतरे तोड़ने से उनके व्यापार पर असर पड़ेगा और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। दुकानदारों ने यह भी बताया कि वे इस मामले को लेकर पहले ही कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी से भी मिल चुके हैं।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों से ली गई रिपोर्ट में सामने आया कि अपोलो चौक से आरओबी तक बने नाले पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा तैयार किए गए थे जिन्हें अभी तक नगर परिषद को हैंडओवर नहीं किया गया है। इसी कारण फिलहाल रैंप और चबूतरों को तोड़ने की कार्रवाई पर रोक लगा दी गई है। हालांकि जहां रैंप या चबूतरे नहीं बने हैं। वहां नगर परिषद द्वारा नालों की सफाई का कार्य जारी रहेगा।
27 फरवरी को जींद में हुई ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में ओल्ड कोर्ट रोड के नालों की सफाई का मुद्दा उठाया गया था। शिकायतकर्ता ने दोनों ओर नालों की सफाई कराने की मांग की थी। नगर परिषद ने सफाई के लिए टीम गठित कर गुरुवार को को अभियान शुरू किया। सफाई अभियान के तहत दुकानों के आगे बने रैंप और चबूतरों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई थी जिसका दुकानदारों ने विरोध कर दिया। विरोध के चलते नगर परिषद की टीम को काम बीच में ही रोकना पड़ा।
दुकानदार ने जताई आपत्ति
निरीक्षण के दौरान एक दुकानदार ने एसडीएम के सामने हाथ जोड़कर कहा कि शिकायत किसी व्यक्ति की ओर से सिर्फ चर्चा में आने के लिए की गई है जबकि असली समस्या कहीं और है। उसने आरोप लगाया कि वर्षों से नालों की सफाई पर ध्यान नहीं दिया गया और अब अचानक रैंप तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। एसडीएम जगदीश चंद्र ने बताया कि सभी विभागों के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। जरूरत पड़ने पर ही आगे कोई सख्त कदम उठाया जाएगा। फिलहाल प्राथमिकता नालों की सफाई सुनिश्चित करना है।