जींद। अनूपगढ़ गांव के परमिंदर (24) की एक नाबालिग का पीछा नहीं छोड़ने पर पीट-पीटकर हत्या की गई थी। सदर थाना पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए गोविंदपुरा गांव के सुरेश, दीपक, अजय, दीपक कुमार और हिसार जिले के उकलाना निवासी धीरज को गिरफ्तार किया है।
सदर थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि अनूपगढ़ गांव का परमिंदर रक्षाबंधन के दिन घर से लापता हो गया था। 10 अगस्त को परमिंदर की मां अनीता ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 12 अगस्त को बालसमंद रोड स्थित आर्य नगर ड्रेन के पास उसका शव मिला था।
जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज मिली। इसमें परमिंदर की बाइक को कार सवार युवक टक्कर मारते दिखाई दिए। टक्कर मारने के बाद युवक परमिंदर को गाड़ी में बैठाकर ले गए और बाद में उसकी हत्या कर शव ड्रेन में फेंक दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। छानबीन के दौरान पांचों आरोपियों को काबू किया तो मामले का खुलासा हो गया।
पंचायत में समझौते के बाद भी नहीं छोड़ रहा था पीछा
सदर थाना प्रभारी बलजीत ने बताया कि परमिंदर गोविंदपुरा गांव की एक नाबालिग किशोरी को परेशान किया करता था। उसकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर डालता रहता था। गांव के लोगों ने उसे कई बार समझाया लेकिन वह पीछा नहीं छोड़ रहा था। 5-6 माह पहले गांव में पंचायत भी हुई थी। समझौता हुआ था कि परमिंदर नाबालिग का पीछा नहीं करेगा। यही नहीं, परिजनों ने परमिंदर की शादी भी कर दी थी इसके बाद भी वह नाबालिग को परेशान कर रहा था।
वर्जन-
-पुलिस ने परमिंदर हत्याकांड में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कबूला है कि परमिंदर गांव की एक नाबालिग का पीछा कर उसे परेशान करता था। इसी बात को लेकर अपहरण कर उसकी हत्या की गई थी। पुलिस वीरवार को आरोपियों को अदालत में पेश करेगी।
-बलजीत सिंह, प्रभारी, पुलिस थाना सदर, जींद।