किलाजफरगढ़ गांव के पाए दुर्घटनाग्रस्त स्कूली बस और ट्रेक्टर।
- फोटो : Jind
जींद-रोहतक मार्ग पर किलाजफरगढ़ माइनर के पास सुबह जुलाना से रोहतक के भगवतीपुर जा रही एक स्कूली बस को सड़क पर बने गड्ढों के कारण अनियंत्रित हुए ट्रैक्टर- ट्रॉली ने टक्कर मार दी। गनीमत रही कि स्कूली बच्चे हादसे में बाल-बाल बच गए। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है। इस सड़क दुर्घटना में स्कूली बस की खिड़कियों के शीशे टूट गए। हादसा सड़क के बिल्कुल बीचों- बीच में होने से सड़क मार्ग बंद हो गया और सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना पाकर जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाम को खुलवाया। जाम लगभग एक घंटे तक लगा रहा। जाम में फंसे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नहीं आई कोई शिकायत
सुबह पौने आठ बजे के करीब किलाजफरगढ़ गांव की माइनर के पास स्कूली बस और ट्रैक्टर की टक्कर होने से सड़क पर जाम लग गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जाम को खुलवाया। अभी तक कोई शिकायत पुलिस को नहीं मिली है। अगर शिकायत मिलती है तो मामले की जांच की जाएगी।
-सुरेंद्र सिंह, जुलाना थाना प्रभारी।