संवाद न्यूज एजेंसी
सफीदों (जींद)। सहकारी विपणन समिति के सफीदों कार्यालय में सोमवार को हुई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बैठक में एक निदेशक द्वारा नशे की हालत में पहुंचकर हंगामा करने का मामला सामने आया है। हंगामे के कारण बैठक की कार्रवाई बाधित हो गई। सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समिति अदिति सांगर ने मौके पर डायल 112 को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी निदेशक सतबीर सिंह को काबू किया और शहर थाना के हवाले कर दिया।
सहायक रजिस्ट्रार अदिति सांगर ने बताया कि सोमवार को सफीदों सहकारी विपणन समिति के बोर्ड आफ डायरेक्टर की बैठक थी। इसमें छह चुने हुए डायरेक्टरों के अलावा वह खुद, हैफेड के डीएम पुनीत पंघाल व इंस्पेक्टर मनोज कुमार मौजूद थे। बैठक में निदेशक सतबीर भी मौजूद थे। जब बैठक की कार्रवाई शुरू की गई तो निदेशक सतबीर ने अभद्रता शुरू कर दी। उनके व्यवहार के कारण उन्होंने खुद को असुरक्षित महसूस किया और डायल 112 को सूचना देकर बुलाया। अदिति सांगर ने बताया कि उन्होंने इस सारे मामले की जानकारी एसडीएम और डीएसपी दे दी है और एक शिकायत शहर थाना सफीदों पुलिस को भी दी है। पुलिस ने सतबीर की मेडिकल जांच करवाई। डॉ. अंशुल ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इसमें कुछ कहा जा सकेगा। को-ऑपरेटिव सोसाइटी के चेयरमैन वीरेंद्र सिंह शेखो ने बताया कि सतबीर सिंह इससे पहले भी एक-दो बार ऐसा कर चुके हैं। उनको पहले भी चेतावनी दी गई थी लेकिन आज फिर वह नशा करके बैठक में आ गए। एएसआई सुरेश कुमार ने कहा कि सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समिति अदिति सांगर की तरफ से शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।