जींद। दातासिंहवाला में अदालत के आदेशों की अवहेलना कर निजी स्कूल पर लगी सील तोड़ने पर गढ़ी थाना पुलिस ने स्कूल संचालक समेत दो लोगों को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आवास फाइनेंशियल सर्विस लिमिटेड के अधिकारी शिवम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दातासिंहवाला दिल्ली ग्लोबल स्कूल के साथ लोन को लेकर विवाद चला आ रहा है।
इस मामले में अदालत ने बैंक को स्कूल के कब्जे में लेने के आदेश दिए थे। सात जनवरी को बैंक अधिकारी पुलिस प्रशासन के साथ कब्जा लेने स्कूल में पहुंचे थे, जहां पर स्कूल संचालक कलायत निवासी अश्वनी और उसकी पत्नी रीना समेत काफी संख्या में बच्चों ने कब्जा कार्रवाई में अवरोध खड़ा कर दिया था। हालातों को देखते हुए टीम वापस लौट आई। 14 जनवरी को फिर से प्रशासन के सहयोग से स्कूल को कब्जे में लेकर उस पर सील लगा दी गई। इसी बीच 16 जनवरी को बैंक को सूचना मिली कि स्कूल पर लगाई गई सील को स्कूल संचालक व अन्य ने तोड़कर कब्जा कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में स्कूल संचालक अश्वनी और उसकी पत्नी के खिलाफ कब्जा करने, अदालत आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।