पंचायती राज दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीवी के माध्यम से संदेश देकर जिले के 301 पंचायतों के जनप्रतिनिधियों में जान फूंकी और अपने पौने घंटे के भाषण में जनप्रतिनिधियों को गांव के विकास का मंत्र दिया।
वहीं दूसरी तरफ कई गांवों में प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम संसाधनों के अभाव की भेंट चढ़ गया। जिन गांवों में केबल कनेक्शन की व्यवस्था नहीं थी वहां के लोग प्रधानमंत्री के भाषण से वंचित रहे।
केबल पर चैनल ढूंढने में हुई परेशानी
प्रधानमंत्री का भाषण किस चैनल पर दिखाया जाएगा, इसको लेकर पंचायत प्रतिनिधियों को सही जानकारी नहीं थी। जानकारी का अभाव ही कार्यक्रम की बाधा रही। जनप्रतिनिधियों को केबल पर चैनल ढूंढने में काफी दिक्कत हुई। कई प्रतिनिधियों ने तो एक-दूसरे प्रतिनिधि से फोन पर चैनल के बारे में जानकारी ली।
लाइट के कटों से बाधित हुआ कार्यक्रम
गर्मी के मौसम के कारण ग्रामीण क्षेत्र में चल रही बिजली की समस्या भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में बाधा बनी। कार्यक्रम के दौरान बीच-बीच में लगे बिजली के कटों के कारण कार्यक्रम कई बार बीच में बाधित हुआ। कई गांवों में केबल का प्रसारण भी सही तरीके से नहीं हो पाया।
तकनीकी खामी के बाद चौपाल की बजाय मकान में करवाया कार्यक्रम
पिल्लूखेड़ा कस्बे के गांव भूराण में प्रधानमंत्री के भाषण को सुनाने के लिए पंचायत द्वारा टीवी की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम को सुचारु रूप से शुरू करवाने के लिए प्रदूषण बोर्ड के एसडीओ सुनील श्योराण कार्यक्रम में पहुंचे थे लेकिन तकनीकी खामी के कारण सही तरीके से कार्यक्रम का टीवी पर प्रसारण नहीं हो पाया। इसके बाद कार्यक्रम देखने के लिए पहुंचे जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों को पास के एक मकान में बैठाकर कार्यक्रम दिखाया गया।
खरक गागर ग्राम पंचायत में थी पूरी व्यवस्था
प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान ग्रामीणों को किसी प्रकार की कोई तकनीकी दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े, इसे लेकर पिल्लूखेड़ा खंड के खरक गागर गांव की ग्राम पंचायत द्वारा विशेष प्रबंध किए गए थे। सरपंच अनिता देवी तथा ग्राम सचिव नरेंद्र ने बताया कि पंचायत द्वारा गांव की चौपाल में टीवी स्क्रीन के अलावा डिश का प्रबंध किया गया था ताकि प्रधानमंत्री के भाषण के प्रसारण के दौरान किसी प्रकार की बाधा नहीं पहुंचे। इंवर्टर व जरनेटर का भी विशेष प्रबंध किया गया था। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में भी खासा उत्साह था।
डीसी समेत कई अधिकारी शामिल हुए कार्यक्रमों में
डीसी विनय सिंह ने रामराय गांव के ग्राम सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इसी प्रकार कंडेला गांव में एडीसी आमना तस्नीम तथा राजपुरा भैण गांव में एसडीएम योगेश मेहता व नगराधीश डॉ. किरण सिंह ने पेंगा गांव में, नरवाना के एसडीएम बीरसिंह ने धमतान में, सफीदों के एसडीएम बलराज जाखड़ ने हाट में, जिला विकास एवं पंचायत अध्यिाकारी अरविंद मलिक ने किला जफरगढ़ में, जिला परिषद के डिप्टी सीईओ शंकर लाल गोयल ने दनौदा कलां में कार्यक्रम की अध्यक्षता की। सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों ने अपने-अपने खंड के गांवों में इस कार्यक्रम के आयोजन को लेकर कार्य किया।
प्रधानमंत्री के भाषण से मिली नई दिशा
भूराण गांव की सरपंच सुमन देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के भाषण से उन्हें गांव के विकास के लिए नई दिशा मिली है। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण के दौरान गांव के विकास के लिए जल संरक्षण, बेटी बचाओ, हर घर में शौचालय बनवाने, शिक्षा को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने जैसे जो सुझाव दिए हैं, वह उन सुझाव पर काम करके अब गांव के विकास को आगे बढ़ाएंगी।
मोदी ने जनप्रतिनिधियों को उनका संकल्प याद दिलवाने के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों को एक नई दिशा देने का काम किया है। ग्रामोदय से भारत उदय अभियान के दौरान उन्हें सरकार की जन कल्याण की योजनाओं के बारे में जानकारी हासिल हुई है। अब वह अपने वार्ड व गांव के लोगों को सरकार की इन योजनाओं से लाभांवित कर सकेंगी।
सुनील देवी, पंच
भाषण के बाद उन्हें अपनी ताकत का एहसास हुआ है। लोगों को किसी प्रकार जागरूक किया जा सकता है तथा किसी प्रकार गांव में बदलाव किया जा सकता है इसको लेकर उनमें जागरूकता बढ़ी है। गांव के विकास के दौरान किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करना चाहिए और निष्पक्ष रूप से अपना काम करना चाहिए।
बबली देवी, पंच
प्रधानमंत्री की उम्मीदों पर उतरेंगे खरा
यह एक अलग ही अनुभव रहा। वैसे टीवी तो सभी के घरों में हैं, लेकिन ग्रामीणों ने एकत्रित होकर पंचायत घर में प्रधानमंत्री को सुना और एक-दूसरे के साथ अनुभव साझा किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो उम्मीद पंचायतों जताई है, उस पर खरा उतरेंगे।
नरवीर, सरपंच
गांव दिल्लूवाला।
प्रधानमंत्री के भाषण से पंचायतों को मिली नई दिशा- सिंगला
सफीदों। पंचायती राज दिवस पर प्रशासन की तरफ से रेडियो व टीवी की व्यवस्था की गई। सफीदों क्षेत्र के गांव हाट में एसडीएम बलराज जाखड़, मुआना में तहसीलदार रोशन लाल, सिंघाना में नायाब तहसीलदार जगबीर रंगा व गांव खेड़ाखेमावती मेें बीडीपीओ धर्मबीर ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ शिरकत की।
गांव हाट में इस कार्यक्रम की सूचना प्रशासन द्वारा 11 बजे दी गई, जिससे सभी प्रतिनिधियों के पास सूचना न मिलने से 20 पंच व सरपंच में से मात्र नौ प्रतिनिधियों के साथ दर्जनों लोगों ने उपस्थिति दर्ज करवाई। गांव हाट के सरपंच विजेंद्र सिंगला ने कहा कि प्रधानमंत्री के भाषण से देश के हर गांव की पंचायतों को नई दिशा और जोश से परिपूर्ण किया है। इस भाषण से सभी लोगों को नई दिशा मिली है।
पंचायत को प्रशासन व सरकार के सहयोग की जरूरत है। प्रधानमंत्री के भाषण से गांव हाट के पंचायत प्रतिनिधि इस कद्र प्रभावित हुए कि उन्होंने एसडीएम बलराज जाखड़ को गांव की अनेक समस्याओं को मौके पर जाकर दिखाया गया। सरपंच विजेंद्र सिंगला ने बताया कि पंचायत का उद्देश्य है कि कम से कम समय में ज्यादा से ज्यादा गांव के विकास में कार्य करवाएं जा सकें।